नई दिल्ली । अमूल ब्रांड के तहत डेयरी उत्पादों का विपणन करने वाली जीसीएमएमएफ ने घी, मक्खन, आइसक्रीम, बेकरी और फ्रोजन स्नैक्स सहित 700 से अधिक उत्पाद पैक की खुदरा कीमतों में कमी की। कंपनी ने जीएसटी दर में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का फैसला किया है। नयी कीमतें 22 सितंबर से प्रभावी होंगी। गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ (जीसीएमएमएफ) ने एक बयान में 700 से अधिक उत्पाद पैक की कीमत घटाने की घोषणा की, जिससे उसके ग्राहकों को जीएसटी कटौती का पूरा लाभ मिलेगा। यह संशोधन 22 सितंबर, 2025 से प्रभावी होगा। जीसीएमएमएफ ने कहा, यह संशोधन मक्खन, घी, यूएचटी दूध, आइसक्रीम, पनीर, चॉकलेट, बेकरी उत्पादों, फ्रोजन डेयरी और आलू स्नैक्स, कंडेंस्ड मिल्क, पीनट स्प्रेड, माल्ट आधारित पेय जैसी उत्पाद श्रेणियों में किया गया है। बयान के मुताबिक, मक्खन (100 ग्राम) का अधिकतम खुदरा मूल्य 62 रुपये से घटाकर 58 रुपये कर दिया गया है। घी की कीमत 40 रुपये घटकर 610 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं।






