नई दिल्ली । 1977 के आम चुनाव में इंदिरा गांधी की अप्रत्याशित हार ने उनके परिवार पर गहरा मनोवैज्ञानिक और सामाजिक प्रभाव डाला था, इसका एक दर्दनाक पहलू राहुल गांधी के सातवें जन्मदिन पर देखने को मिला। इस मौके पर, उनका केवल एक दोस्त ही उनके घर पहुंचा, जबकि बाकी सभी अनुपस्थित रहे। यह खुलासा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव में किया है। सोनिया गांधी ने घटना को राजनीति की दुनिया में मानवीय रिश्तों की अस्थिरता को लेकर मिला एक दर्दनाक सबक बताया है।
हार के बाद, 19 जून को राहुल गांधी के जन्मदिन तक, परिवार अपने नए आवास 12, विलिंगडन क्रिसेंट में पूरी तरह से व्यवस्थित नहीं हुआ था, फिर भी सोनिया गांधी ने बेटे के जन्मदिन पर एक छोटी पार्टी आयोजित करने का फैसला किया। राहुल ने अपने उन दोस्तों की सूची दी, जो पहले भी उनकी जन्मदिन पार्टियों में शामिल होते थे। प्रियंका गांधी भी तैयारी में उत्साह से जुटी थीं, अपने भाई की मदद से कुर्सी पर चढ़कर बरामदे के दरवाजों पर गुब्बारे लगा रही थीं। घर को रंगीन झालरों और गुब्बारों से सजाया गया था और मेहमानों के लिए घर पर बने केक, नाश्ते एवं आलू के चिप्स की व्यवस्था की गई थी। यहां तक कि इंदिरा गांधी ने भी बच्चों को चौंकाने के लिए अपने बंगाल से लाए गए मिट्टी के खिलौनों जिसमें कीड़े, छिपकलियां और मक्खियां थीं को बच्चों की प्लेटों में रखने की योजना बनाई थी।
मगर मेहमानों का इंतजार करते-करते समय बीता और सिर्फ राहुल गांधी का एक दोस्त सिद्धार्थ ही आया। सोनिया गांधी को शुरुआत में लगा कि शायद निमंत्रण को लेकर कोई गलतफहमी हुई है, इसलिए उन्होंने एक-एक कर बच्चों के माता-पिता को फोन किया। लेकिन उनके टालमटोल वाले जवाबों ने उन्हें एहसास कराया कि कोई और बच्चा नहीं आने वाला है। सोनिया ने अपनी पुस्तक में लिखा है, सात साल के बच्चे और उसके सहपाठियों के बीच का सहज रिश्ता राजनीति से दूषित हुआ था। इस घटना से राहुल गांधी बेहद आहत हुए। परिवार ने उन्हें समझाने की कोशिश की और केक काटा, लेकिन समारोह में पहले जैसा उत्साह नहीं था।
बाद में, उनके पिता राजीव गांधी ने राहुल को अपने पास बिठाकर समझाया कि इसमें उनके दोस्तों की कोई गलती नहीं है। उन्होंने कहा, राहुल, दोस्तों से नाराज मत हो। हो सकता है कि उनके माता-पिता तुम्हारे परिवार से दोस्ती रखने से डरते हों। कुछ लोग सरकार से डरते हैं। सोनिया गांधी ने बताया कि उस समय की राजनीतिक उथल-पुथल का असर केवल जन्मदिन पार्टी तक सीमित नहीं था, बल्कि बच्चों पर भी पड़ रहा था। स्कूल में उनके सहपाठी इंदिरा और संजय गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे, जिससे बच्चे परेशान होकर घर लौटते थे। प्रियंका गांधी से जुड़ी एक घटना का उन्होंने जिक्र किया,जब स्कूल में एक लड़के की टिप्पणी से वह रो पड़ी थीं। यह घटना परिवार को हमेशा याद दिलाती रही कि राजनीति का व्यक्तिगत जीवन और मानवीय रिश्तों पर कितना गहरा प्रभाव पड़ सकता है।
इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को आपातकाल लागू किया था, जो जनवरी 1977 में चुनाव की घोषणा के बाद समाप्त हो गया था। 16 मार्च को हुए लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी और संजय गांधी दोनों को हार का सामना करना पड़ा था, जिससे देश की राजनीतिक दिशा पूरी तरह बदल गई थी।




