नई दिल्ली । हाल ही में राजधानी दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग और होम डिलीवरी के लिए एक विशेष मोबाइल एप्लीकेशन की शुरुआत की गई है। दिल्ली के इस कदम के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि दुनिया के अन्य देशों में ऑनलाइन शराब की खरीद और डिलीवरी को लेकर क्या कानून और नियम तय किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुनिया भर के विभिन्न देशों में ऑनलाइन शराब की बिक्री और होम डिलीवरी को लेकर नियम एक समान नहीं हैं, बल्कि यह क्षेत्रीय कानूनों, आयु सीमा, विक्रेताओं के लाइसेंस और स्थानीय प्रतिबंधों पर निर्भर करते हैं।
संयुक्त राज्य अमेरिका में अधिकांश राज्यों में शराब की ऑनलाइन बिक्री की अनुमति दी गई है, लेकिन इसके नियम राज्य स्तर पर काफी भिन्न हैं। वहां डिलीवरी के समय ग्राहक को अपनी वैध आयु का प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य होता है। यूटा जैसे राज्य में दूसरे राज्यों से शराब मंगाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लागू है। वहीं यूनाइटेड किंगडम में शराब की ऑनलाइन खरीदारी काफी सामान्य है, जहां सुपरमार्केट और विशेष ऐप्स के जरिए डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है। यूके में मुख्य शर्त यह है कि शराब खरीदने और उसकी डिलीवरी प्राप्त करने वाले दोनों व्यक्तियों की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी अनिवार्य है। चीन में भी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए ऑनलाइन शराब बिक्री के नियम काफी लचीले हैं, जहां न्यूनतम आयु सीमा का पालन कराया जाता है।
कनाडा की बात करें तो वहां शराब का व्यापार प्रांतीय सरकारों के सीधे नियंत्रण में होता है। उदाहरण के तौर पर ओंटारियो में ग्राहक केवल सरकारी संस्थाओं या उनके द्वारा अधिकृत प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से ही ऑनलाइन ऑर्डर दे सकते हैं। भारत में शराब की बिक्री राज्य सरकारों का विषय है। विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक स्तर पर नियमों में भिन्नता के बावजूद कुछ बुनियादी शर्तें हर जगह एक जैसी लागू होती हैं। इनमें डिलीवरी के समय खरीदार का आयु सत्यापन, विक्रेताओं के पास वैध डिजिटल या रिटेल लाइसेंस का होना, तय समय सीमा के भीतर डिलीवरी और ड्राई डे के नियमों का पालन शामिल है। स्थान और कानूनों के आधार पर ये नियम बदलते रहते हैं। देश के अधिकांश राज्यों में इसकी होम डिलीवरी पर सख्त प्रतिबंध है, हालांकि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और अब दिल्ली जैसे कुछ क्षेत्रों में सीमित शर्तों के साथ अधिकृत माध्यमों से डिलीवरी की अनुमति दी गई है।



