नई दिल्ली । अदाणी एंटरप्राइजेज (एईएल) अगले दो वर्षों में सालाना 35,000-40,000 करोड़ रुपए का पूंजीगत व्यय करेगी। इसके साथ ही कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में अपनी आय में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की है। यह उसके रणनीतिक निवेशों के सफल होने का संकेत है। कंपनी के एक अधिकारी के अनुसार यह निवेश मुख्य रूप से हवाई अड्डों, डेटा सेंटर और गुजरात में प्रस्तावित पीवीसी विनिर्माण परिसर पर केंद्रित होगा। कंपनी अगले कुछ वर्षों तक इसी दर पर पूंजीगत व्यय जारी रखने की उम्मीद कर रही है।

अदाणी एंटरप्राइजेज ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में 11,958 करोड़ रुपए का अब तक का सर्वाधिक एबिटडा (कर पूर्व आय) दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 56 फीसदी अधिक है। कंपनी की एकीकृत आय 62 फीसदी बढ़कर 71,569 करोड़ रुपए रही। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स की कर पूर्व आय 52 फीसदी बढ़कर 3,275 करोड़ रुपए हो गई। इसके अलावा, कंपनी ने सौर मॉड्यूल विनिर्माण क्षमता बढ़ाकर 10 गीगावाट कर दी है, तथा वित्त वर्ष के अंत तक 6 गीगावाट की सौर सेल विनिर्माण क्षमता चालू करने की योजना है।



