मक्के के दाम बढ़ने से देखी जा रही पोल्ट्री फीड की कीमतों में तेज बढ़ोतरी
नई दिल्ली । अगर आप प्रोटीन के लिए अंडा या चिकन खाते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है क्योंकि आने वाले समय में अंडे और चिकन की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी होने वाली है। पोल्ट्री उद्योग से जुड़े जानकारों का मानना है कि दिसंबर 2026 तक इनकी कीमतें 25 से 30 फीसदी तक बढ़ सकती हैं, जिससे आपकी प्रोटीन डाइट का खर्च बढ़ जाएगा। इस संभावित मूल्य वृद्धि की सबसे बड़ी वजह मुर्गियों को खिलाए जाने वाले दाने यानी पोल्ट्री फीड की कीमतों में तेज बढ़ोतरी है। पोल्ट्री फीड बनाने में मक्का और टूटे चावल का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है, और पिछले एक साल में इन दोनों ही अनाजों के दाम काफी बढ़ गए हैं। ब्रॉयलर मुर्गियों के दाने में करीब 55 से 65फीसदी तक मक्का का इस्तेमाल होता है।
रिपोर्टों के मुताबिक मक्का की कीमत पिछले साल 18 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जो इस साल बढ़कर 34 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक इसके दिसंबर तक 40 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंचने की आशंका है। इसी तरह, टूटा चावल जो पिछले साल 14-15 रुपए प्रति किलोग्राम था, वह इस साल 31-32 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है। पोल्ट्री फीड के दाम बढ़ने के पीछे कई प्रमुख कारण हैं। महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे प्रमुख मक्का उत्पादक राज्यों में इस साल कमजोर मानसून के कारण मक्का की पैदावार प्रभावित हुई है।
उद्योग के अनुमान बताते हैं कि देश में खरीफ मक्का का उत्पादन 15-16 फीसदी तक घट सकता है। इसके अलावा, मक्का का उपयोग अब एथेनॉल उत्पादन में भी बढ़ रहा है, जिससे पोल्ट्री फीड कंपनियों के लिए इसकी उपलब्धता कम हो रही है। अनाज की जमाखोरी भी एक बड़ा कारण है। टूटे चावल की कीमतों में वृद्धि का कारण भी कमजोर मानसून और धान की कम पैदावार की आशंका को बताया जा रहा है। पोल्ट्री कारोबार से जुड़े लोगों के मुताबिक दिसंबर तक थोक बाजार में अंडे और चिकन की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। वर्तमान में थोक में अंडा 6-7 रुपए प्रति पीस मिल रहा है, जो दिसंबर से 7-8 रुपए प्रति पीस मिलने का अनुमान है। वहीं, बिना स्किन वाला चिकन जो फिलहाल 225-250 रुपए प्रति किलोग्राम मिल रहा है, वह दिसंबर तक 260-275 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकता है। खुदरा बाजार में कीमतें शहर, दुकान और स्थानीय मांग के आधार पर भिन्न हो सकती हैं। दिसंबर और जनवरी में आमतौर पर अंडे और चिकन की मांग बढ़ जाती है, खासकर क्रिसमस और नए साल के दौरान। इस बार पोल्ट्री कारोबारियों को उत्पादन में 20 प्रतिशत से अधिक गिरावट की आशंका है, जिससे कीमतें और प्रभावित हो सकती हैं।




