नई दिल्ली । दुनिया के खत्म होने की भविष्यवाणी एक बार फिर चर्चा में है। इस बार तारीख 13 नवंबर 2026 बताई जा रही है। करीब 66 साल पहले वर्ष 1960 में प्रतिष्ठित अमेरिकी जर्नल ‘साइंस’ में प्रकाशित एक शोधपत्र में इस तारीख को संभावित ‘कयामत का दिन’ बताया गया था। शोधपत्र का शीर्षक था- ‘डूम्सडे: फ्राइडे, 13 नवंबर 2026’। हालांकि, यह कोई वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित भविष्यवाणी नहीं, बल्कि उस समय की जनसंख्या वृद्धि के आंकड़ों पर आधारित गणितीय अनुमान था।
इस शोधपत्र में वैज्ञानिकों ने दुनिया की बढ़ती आबादी और पृथ्वी की संसाधन क्षमता के बीच संबंध का अध्ययन किया था। उनका तर्क था कि यदि उस समय दर्ज जनसंख्या वृद्धि की दर लगातार जारी रहती है, तो एक समय ऐसा आ सकता है जब पृथ्वी पर उपलब्ध संसाधन बढ़ती आबादी की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं रहेंगे। इसी गणितीय अनुमान के आधार पर 13 नवंबर 2026 की तारीख निकाली गई थी।
हालांकि, जनसंख्या वृद्धि की दर स्थिर नहीं रहती। समय के साथ जन्मदर, मृत्यु दर, चिकित्सा सुविधाओं, सामाजिक परिस्थितियों और आर्थिक विकास में बदलाव आते हैं। इसलिए 1960 के आंकड़ों पर आधारित अनुमान को आज दुनिया के अंत की निश्चित तारीख मानना उचित नहीं है। इस शोधपत्र का मूल उद्देश्य भी मानव आबादी की अनियंत्रित वृद्धि से पैदा होने वाली चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित करना था।
इसलिए 13 नवंबर को लेकर घबराने की कोई वैज्ञानिक वजह नहीं है। यह तारीख एक पुराने गणितीय मॉडल का हिस्सा है, न कि दुनिया के विनाश की प्रमाणित चेतावनी।




