गोपीकांदर । गोबिंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाइवे के जियापनी डाउन में तेज रफ्तार एक खाली ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में चालक को आंशिक चोट आई है। दुर्घटना की सूचना पर गोपीकांदर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर घायल चालक को गोपीकांदर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक इलाज कर चालक को छुट्टी दे दिया गया। दुर्घटना के संबंध में जियापनी डाउन में मौजूद गार्ड रंजीत हेम्ब्रम ने बताया कि ट्रक एनएल 02 जी 0917 काफी तेज गति में था। बेरियर लगा होने के बावजूद चालक लापरवाही से ट्रक को तेज गति से चला रहा था। बेरियर पार करने के बाद ट्रक गड्ढे में जाकर पलट गया। इस दुर्घटना में रंजीत भी बाल-बाल बच गया। ट्रक उसको भी चपेट में ले लेता। ट्रक दुमका की ओर से पाकुड़ की ओर जा रहा था। चालक का नाम और पते की जानकारी नहीं मिल पाई हैं।




