कन्नौज । प्रशासन में बैठे अफसरों की लापरवाही का खामियाजा उन ग्रामीणों ने भुगता जिनके घरों में अचानक करंट फैल गया। घर के सभी इलेक्ट्रानिक उपकरण पिघल गए। और तो और 38 लोग इस हादसे में झुलस गए हैं जो अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। हादसा कन्नौज के गुरसहायगंज में हुआ। जहां बारिश के बाद घरों के ऊपर से निकली एचटी लाइन का तार टूटकर गिर जाने से सात घरों में करंट दौड़ गया। घर में मौजूद 38 लोग करंट की चपेट में आ गए। घरों में बिजली उपकरण भी जल गए। उपकेंद्र में सूचना देकर आपूर्ति बंद कराकर आधा दर्जन लोगों को निजी अस्पताल ले जाया गया। दो से तीन लोगों को हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
अधिशासी अभियंता आरके भारती ने बताया कि बिजली लाइन पुरानी है उसके बाद लोगों ने लाइन के नीचे अपने घर बना लिए हैं। घटना के संबंध में एसडीओ से वार्ता करके विस्तृत जानकारी की जाएगी मामले की जांच कराकर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि हाईटेंशन के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया गया। कई बार तेज आंधी में आग की लपटें भी देखीं गई हैं लेकिन संधारण के नाम पर कुछ नहीं किया गया। ये अफसरों की लापरवाही है जिसके चलते ये हादसा हुआ है।
बुधवार शाम सात बजे गुरसहायगंज के सीमांत नगर में हाईटेंशन लाइन का एक तार टूटकर मकान की छतों पर गिर गया। नन्हे अली, अब्दुल गफ्फार, हसीब व मोहम्मद नयाब आदि के परिवार के बच्चे, महिलाएं और पुरुष करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका लगने से सभी बेहोश होकर गिर गए। आधा दर्जन लोग गंभीर हालत में पहुंच गए, जिन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। घटना से हड़कंप मच गया। उपकेंद्र को सूचना देने के बाद सप्लाई बंद हुई। फ्रिज, कूलर, इनवर्टर आदि उपकरण जल गए। घटना को लेकर लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई।एसडीओ-गुरसहायगंज ब्रजेश कुमार सरोज ने बताया कि बारिश के कारण आए फाल्ट की वजह से मकान की छतों पर हाईटेंशन तार गिरा है। बिजली लाइन पहले से निकली है, उसके बाद लोगों ने उसके नीचे घर बनाए हैं। इस कारण घरों की छतों पर बिजली के तार गिरे हैं।






