गोड्डा। सदर क्षेत्र के मोतिया ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत वरण देवबन्धा गांव में महिलाओं के साथ छेड़खानी, रंगदारी मांगने और विरोध करने पर देसी कट्टा के बट से मारकर युवक को जख्मी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितेश कुमार यादव उर्फ रितेश कुमार (22 वर्ष), पिता धनंजय यादव, निवासी वरण देवबन्धा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को वरण देवबन्धा गांव में कुछ लोगों द्वारा मवेशी चराने जा रही महिलाओं के साथ छेड़खानी की गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने रोहित कुमार मंडल से पैसे की मांग की। विरोध करने पर देसी कट्टा के बट से मारपीट कर उसे जख्मी कर दिया गया। इस मामले में पीड़ित रोहित कुमार मंडल के आवेदन पर मोतिया ओपी कांड संख्या 213/26 के तहत रितेश कुमार यादव समेत पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान 26 नवंबर को पुलिस ने रितेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर दो देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वे देसी कट्टा के साथ मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाकर अपने इलाके में दबदबा कायम करने का प्रयास करते थे। इसी हथियार का भय दिखाकर घटना के दिन अपने साथियों के साथ मिलकर रोहित कुमार मंडल से पैसे की मांग की थी और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक दिनेश महली, मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश राउत, एएसआई बिपीन कुमार यादव, एएसआई अजय रजक सहित मोतिया ओपी के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।




