एस.के. झा. ‘सुमन’

दुमका। चारों ओर हिंदी व भोजपुरी छठ गीतों से माहौल छठमय हो चला है। नहाय खाय के साथ ही शुक्रवार से सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुरू । इस दिन महिलाएं नदी, तालाब या घर में पूरी पवित्रता के साथ नाखून काटकर स्नान करेंगी और उसके बाद शाकाहारी भोजन ग्रहण करेंगी। पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना पर महिलाएं पूरे दिन व्रत रखेंगी। शाम को चौके में नया चूल्हा स्थापित करेंगी। रविवार को पहले डूबते सूर्य को फिर अगले दिन सोमवार को उगते सूर्य को अर्ग दिया जाएगा। इसी के साथ यह व्रत पर्व पूर्ण होगा।
—————————————-
छठ पर्व को लेकर आसमान छू रहे हैं कद्दू के दाम
उधर छठ घाटों को भी युद्ध स्तर पर सजाया संवारा जा रहा है। छठ व्रत करने वाले व्रतियों ने तैयारी शुरू कर दी है। व्रती महिलाएं परंपरागत तरीके से जांता में आटा पीसकर छठ पर्व के लिए तैयार करती नजर आ रही हैं। उस दौरान वह छठ की गीत भी गुनगुना रही थीं। नहाय खाय के दिन व्रतियों के अरवा चावल, चना का दाल और कद्दू की सब्जी खाने की परंपरा रही है। उसकी सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। नहाय खाय के दिन व्रती स्नान, ध्यान व पूजा के बाद सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए बनाया जाने वाला प्रसाद तैयार करेगी। उसके बाद सात्विक भोजन करेगी। नहाय खाय को लेकर उपयोग में आने वाले कद्दू की कीमत में उछाल देखा जा रहा है। सब्जी विक्रेता कद्दू 100 से ₹200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेच रहे हैं। शहर में सोमवार और शुक्रवार को हाट लगता है। कच्ची हल्दी 70 रुपए सौ ग्राम ,आदि 60 रुपए सौ ग्राम,सुथनी 50 रुपए 100 ग्राम
आंवला 50 ढाई सौ ग्राम, बदाम 50 रुपए ग्राम, नेबु 4 से 7 पीस,डाभ नेबु 50 रुपए पीस में बेचते दिखे।
—————————————-
खरना को लेकर दूध की मांगों पर चार से पांच गुणा कि बढ़ोत्तरी
छठ महापर्व के खरना का प्रसाद बनाने के लिए दूध की मांग चार से पांच गुणा बढ़ गई है। उसके लिए छठ व्रतियों या उनके परिवार के सदस्यों ने आसपास के खटालों, होटल और पैकट दूध की बुकिंग करा रखी है। छठ पर्व के लिए दुमका में विभिन्न कंपनियों ने पैकेटबंद दूध के प्रमुख के ब्रांड मेघा, सुधा, रेड काउ और अमूल ने सामान्य दिनों के मुकाबले पांच गुणा से अधिक दूध मंगाए हैं। आम दिनों में उत्पादन से दो गुणा खपत होती है। खरना को लेकर डिमांड चार से पांच गुणा बढ़ गई है। खरना को लेकर पंद्रह दिन पहले से दूध की बुकिंग की गई है। खरना पर बड़ी मात्रा में दूध की खपत होने का अनुमान है। रिद्धि सिद्धि दुकान के संचालक रवि श्रॉफ ने बताया कि खरना को लेकर उक्त दूध की अग्रिम बुकिंग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा को लेकर शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर अस्थाई दुकान के माध्यम से भी दूध की बिक्री होती रही है।
—————————————-
छठ को लेकर फलों के दाम में उछाल
छठ पर्व को लेकर बाजार सज चुका है। आस्था का पर्व छठ के लिए खरीदारी को लेकर बाजार में भीड़ उमड़ रही है। छठ को लेकर फलों के दाम में उछाल आया है। फल विक्रेता मितन सेन बोलते हैं कि इस वर्ष फलों के दामों में पिछले वर्ष की तुलना में तेजी आई है। केला प्रति दर्जन दर्जन 60 से लेकर ₹100, अनार 180 रुपए से लेकर 250 रुपए, सेब 110 से लेकर 250 रुपए, नारियल 50 से लेकर 80 रुपए, अमरूद 100 प्रति किलो तक, नारंगी 120 रुपए किलो तक उसके अलावा अन्य सामानों के दाम में भी कमोबेश उछाल देखा जा रहा है।
—————————————-
पिछले वर्ष की तुलना इस वर्ष पूजन सामग्री के दामों में 20 से 40 प्रतिशत की वृद्धि
जहां बांस से बनाए गए सूप, दउरा, पंखा, मिट्टी के बर्तन, पूजा सामग्री की बिक्री की जा रही है। दुमका हाट दुकानदारों ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना इस वर्ष पूजन सामग्री के दामों में 20 से 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। बांस से निर्मित सूप 80 रुपए से लेकर 140 रुपए प्रति पीस की बिक्री की जा रही है। बांस का दउरा 200 रुपये से 300 रुपये तक, बांस का पथिया 150 रुपये से 200 रुपये तक, बांस का पंखा 30 से 35 रुपये तक, बांस का झाड़ू 35 रुपये से लेकर 50 रुपये तक, मिट्टी का ढकनी 20 रुपये से 40 रुपये तक प्रति पीस, मिट्टी का दीया एक रुपए प्रति पीस हैं।
—————————————-
महंगाई की मार से बर्तन व्यवसायी पस्त
शहर के बर्तन के सामानों के प्रसिद्ध और समृद्ध व्यवसाई सुमन साह ने बताया कि पीतल का सूप 1200 रुपये प्रति किलोग्राम तक, फूल का बट्टू, लोटा, कटोरा, पीतल की थाली 1200 रुपये से लेकर 1500 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है। पीतल की हांडी, डेकची 1200 से लेकर ₹1300 प्रति किलो, पीतल का परात, कढ़ाई, गमला 1300 रुपया केजी, पीतल का बाल्टी 1300 से लेकर 1500 रुपए केजी है। इन्होंने कहा की खरीदारी तो दीपावली से शुरू हो जाती है परंतु कद्दू भात तक लगभग खरीदारी पूरी हो जाती है परंतु पिछले साल से इस बार सामानों की कीमत लगभग दुगनी हो हो गई है । महंगाई की मार इस बार स्पष्ट रूप से देखी जा रही है। छठवर्ती खरीदारी में कम रुचि दिखा रहे हैं। इस कारण दुकानदारों को घाटा होने की संभावना है।



