भारतीय रिजर्व बैंक की सीमा के पार पहुंची, आम आदमी की कमाई पर महंगाई की सेंध
हर खरीदारी में बढ़ रहा खर्च, खाना-पीना-नहाना भी महंगा
बेकाबू हुई महंगाई! दूध 12 रूपए तक महंगा
कमर्शियल गैस सिलेंडर में 72.50 रूपए की बढ़ोतरी, साबुन-डिटर्जेंट ने भी बढ़ाया बोझ
नई दिल्ली । महंगाई के मोर्चे पर आम लोगों को बड़ा झटका लगा है। सरकारी आंकड़ों को देखें तो देश में अक्टूबर महीने की खुदरा महंगाई 6 फीसदी के पार चली गई है। अक्टूबर 2024 के बाद पहली बार ऐसा मौका है, जब देश में खुदरा महंगाई 6 फीसदी से ज्यादा देखी गई है। जोकि आरबीआई के टॉलरेंस लेवल की अपर लिमिट से ज्यादा है। सरकारी आंकड़ों को देखें तो शहरी इलाकों में महंगाई दर 6.63 फीसदी देखने को मिली है। वहीं ग्रामीण इलाकों में महंगाई दर 5.41 फीसदी देखी गई है। फूड इंफ्लेशन करीब 9 फीसदी देखने को मिल रहा है। त्योहारी सीजन में आम आदमी की रसोई के बजट को बड़ा झटका लगा है। खाने-पीने की जरूरी चीजों, विशेष रूप से सब्जियों और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों की कीमतों में आए तेज उछाल के चलते देश में खुदरा महंगाई एक बार फिर बेकाबू हो गई है।
महंगाई अब किसी एक चीज की कीमत बढऩे का नाम नहीं रह गई है। यह धीरे-धीरे आम आदमी की जिंदगी के हर हिस्से में दाखिल हो रही है। सुबह की चाय से लेकर रात के खाने तक, बच्चों के दूध से लेकर परिवार के नहाने और कपड़े धोने तक, यहां तक कि होटल में खाना खाने और सफर करने तक का खर्च बढ़ रहा है। कॉफी, डोसा और रोजाना मिलने वाली खाने की थाली के लिए लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। दरअसल, दूध, पनीर, घी, मक्खन, चावल, दाल, चीनी, तेल और सब्जियों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण रेस्टोरेंट संचालकों पर खर्च का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में कई रेस्टोरेंट ने अपने मेन्यू में 5 से 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी है। पिछले दो महीनों में रोजमर्रा के इस्तेमाल की कई जरूरी वस्तुओं के दाम बढऩे से घरेलू बजट पर एक साथ कई तरफ से चोट पड़ी है। हालात यह हैं कि महीने की शुरुआत में बनाया गया बजट महीने के आखिर तक जवाब देने लगता है। दूध, घी, मक्खन, साबुन, डिटर्जेंट, खाद्य तेल, ड्राई फ्रूट्स, रसोई से बाहर होटल-रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाली कमर्शियल गैस और हवाई ईंधन तक महंगे हुए हैं। यानी महंगाई का दायरा सिर्फ रसोई तक सीमित नहीं है। इसका असर घरेलू खर्च, छोटे कारोबार, खानपान और परिवहन की लागत पर भी पड़ सकता है। सबसे ज्यादा परेशानी उस मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवार को है, जिसकी आमदनी सीमित है, लेकिन खर्चों की सूची लगातार लंबी होती जा रही है।
दूध की कीमतों ने सुबह का हिसाब बिगाड़ा
महंगाई की ताजा चोट दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के रूप में सामने आई है। अमूल और मदर डेयरी ने 12 नवंबर से दूध के दाम 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। वहीं कर्नाटक के नंदिनी ब्रांड ने 1 नवंबर से ही दूध की कीमतों में 12 रुपए प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। दूध ऐसा उत्पाद है, जिसकी खपत कम करना परिवारों के लिए आसान नहीं होता। बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना चाय-दूध इस्तेमाल करने वाले घरों में इसकी जरूरत लगभग तय रहती है। ऐसे में कीमत बढऩे का सीधा असर मासिक खर्च पर पड़ता है। एक परिवार रोजाना दो लीटर दूध खरीदता है तो चार रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी से महीने में करीब 240 रुपए अतिरिक्त खर्च होंगे। यदि कीमत में 12 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ है तो यही अतिरिक्त बोझ 720 रुपए महीने तक पहुंच सकता है। यह केवल दूध का हिसाब है। दही, घी और मक्खन की कीमतें बढऩे पर खर्च का दायरा और बड़ा हो जाता है।
रसोई के बाहर भी महंगाई का घेरा
घरेलू बजट पर दबाव केवल दूध तक सीमित नहीं है। घी और मक्खन जैसे उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी से खाने-पीने की लागत भी बढ़ रही है। त्योहारों के बाद सामान्य होने की उम्मीद रखने वाले परिवारों को अब रोजमर्रा की खरीदारी में ही ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। ड्राई फ्रूट्स के महंगे होने का असर भी सीधे घरेलू खर्च पर पड़ता है। इनका इस्तेमाल भले ही हर परिवार रोज न करता हो, लेकिन बच्चों के पोषण, मिठाइयों और त्योहारों के दौरान इनकी मांग रहती है। कीमतें बढऩे पर लोग मात्रा कम करते हैं या खरीदारी टाल देते हैं। इसका एक दूसरा पहलू भी है। जब खाद्य पदार्थों की लागत बढ़ती है तो छोटे दुकानदारों और खानपान कारोबारियों के सामने भी कीमतें बढ़ाने या अपने मुनाफे में कटौती करने का विकल्प बचता है। दोनों ही स्थितियों में दबाव कारोबार और ग्राहक के बीच बंटता है।
कपड़े धोना और नहाना भी हुआ महंगा
महंगाई अब बाथरूम और कपड़े धोने की जगह तक पहुंच गई है। डिटर्जेंट के दाम में करीब 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी बताई गई है। साबुन के दाम भी बढ़े हैं। ये ऐसी वस्तुएं हैं जिन्हें परिवार चाहकर भी पूरी तरह अपने बजट से बाहर नहीं कर सकते। इन उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर भले ही एक बार की खरीदारी में छोटा दिखाई दे, लेकिन महीनेभर में कई बार खरीदने पर खर्च बढ़ता जाता है। खासकर बड़े परिवारों में कपड़े धोने के पाउडर और साबुन की खपत अधिक होती है। महंगाई का यह स्वरूप इसलिए भी परेशान करने वाला है, क्योंकि इसमें बचत की गुंजाइश बहुत कम है। दूध कम खरीदने का मतलब बच्चों और परिवार की जरूरतों से समझौता, साबुन-डिटर्जेंट कम खरीदने का मतलब रोजमर्रा की आवश्यकताओं को सीमित करना। यानी परिवारों के सामने विकल्प खर्च घटाने का नहीं, जरूरतों को काटने का बनता जा रहा है।
कमर्शियल सिलेंडर महंगा, होटल का खाना भी पड़ सकता है भारी
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 72.50 रुपए की बढ़ोतरी ने होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और छोटे खानपान कारोबारियों की लागत बढ़ा दी है। घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर से अलग, कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में होता है। इसका असर केवल होटल संचालकों तक सीमित नहीं रहता। गैस महंगी होने पर कारोबारियों के सामने खाने की कीमतें बढ़ाने, मुनाफा घटाने या अन्य खर्चों में कटौती करने का दबाव बनता है। यदि लागत का बोझ ग्राहकों पर डाला जाता है तो बाहर खाना खाने का खर्च भी बढ़ सकता है। छोटे ढाबों, चाय-नाश्ते की दुकानों और टिफिन संचालकों के लिए यह चुनौती और बड़ी है। इनका कारोबार सीमित मार्जिन पर चलता है। गैस, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की लागत एक साथ बढऩे पर उनकी कमाई प्रभावित होती है। आखिरकार इस लागत का कुछ हिस्सा ग्राहक की जेब से ही निकलता है।
सिगरेट भी 10 रुपए तक महंगी, जेब पर अतिरिक्त बोझ
रोजमर्रा के उत्पादों के साथ सिगरेट की कीमतों में भी 10 रुपए तक की बढ़ोतरी बताई गई है। यह बढ़ोतरी उन उपभोक्ताओं के खर्च को प्रभावित करेगी जो नियमित रूप से इसका इस्तेमाल करते हैं। हालांकि सिगरेट आवश्यक घरेलू वस्तु नहीं है और इसके स्वास्थ्य संबंधी नुकसान अलग चिंता का विषय हैं, लेकिन कीमतों में वृद्धि का उल्लेख बाजार में हो रहे व्यापक बदलाव को दर्शाता है।
महंगाई का असर अलग-अलग, लेकिन चिंता सबकी
इन सभी वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी पूरे देश में एक समान नहीं हुई है। कुछ उत्पादों के दाम राष्ट्रीय स्तर पर बढ़े हैं, जबकि कुछ का असर दिल्ली-एनसीआर, कर्नाटक, बेंगलुरु और तमिलनाडु जैसे चुनिंदा राज्यों और शहरों में देखने को मिलेगा। इसलिए हर जगह रहने वाले उपभोक्ताओं पर एक जैसा आर्थिक बोझ पडऩे का दावा नहीं किया जा सकता। लेकिन चिंता का बड़ा कारण यह है कि रोजमर्रा के खर्चों की कई श्रेणियों में एक साथ बदलाव हो रहा है। एक तरफ दूध और खाद्य पदार्थ महंगे हो रहे हैं, दूसरी तरफ सफाई और व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं। इसके अलावा कमर्शियल गैस और हवाई ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सेवाओं और कारोबार की लागत पर पड़ सकता है।
आमदनी वही, खर्च के मोर्चे बढ़ते जा रहे
महंगाई की सबसे बड़ी मार उन परिवारों पर पड़ती है जिनकी आय नियमित तो है, लेकिन उसमें तत्काल बढ़ोतरी की गुंजाइश नहीं है। वेतनभोगी कर्मचारी को महीने की शुरुआत में जितनी रकम मिलती है, उसी में घर का किराया, बिजली-पानी, बच्चों की फीस, राशन, दवाइयां और आने-जाने का खर्च संभालना होता है। ऐसे में दूध के दाम बढ़ें तो कहीं और कटौती करनी पड़ती है। डिटर्जेंट महंगा हो तो खरीदारी की मात्रा घटानी पड़ती है। होटल का खाना महंगा हो तो बाहर जाना टालना पड़ता है। यानी महंगाई का असर सिर्फ जेब में रखे पैसों पर नहीं, परिवार की जीवनशैली और खर्च की प्राथमिकताओं पर भी पड़ता है। सबसे अहम सवाल यह है कि रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में होने वाली बढ़ोतरी के मुकाबले आमदनी कितनी तेजी से बढ़ रही है? यदि आय में बढ़ोतरी की रफ्तार कीमतों के इजाफे से पीछे रहती है तो परिवारों की वास्तविक क्रयशक्ति कमजोर होती है। इसका नतीजा यह होता है कि समान आमदनी में पहले के मुकाबले कम सामान खरीदा जा सकता है।
थाली महंगी हुई
खुदरा महंगाई में आई इस तीव्र तेजी का सबसे बड़ा कारण खाने-पीने की चीजों के दाम हैं, जिनका भारत के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में करीब 40 फीसदी भारांक (वेटेज) है। खाद्य पदार्थों की महंगाई दर सितंबर के 7.75 फीसदी से तेज उछाल लेकर अक्टूबर में 8.94 फीसदी पर पहुंच गई।
सब्जियों और प्याज का झटका
साल की शुरुआत से अब तक प्याज की कीमतें लगभग दोगुनी हो चुकी हैं। इसके अलावा कमजोर और असमान मानसून के कारण प्रमुख खाद्यान्नों और सब्जियों की आपूर्ति बाधित होने से कीमतों में दबाव बना रहा।
प्रोटीन और अन्य खाद्य पदार्थ
अपेक्षाकृत कम उतार-चढ़ाव वाले प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों जैसे मांस, दूध और अंडे के दामों में भी वृद्धि दर्ज की गई है। अर्थशास्त्रियों ने मांस, मछली, खाद्य तेल, फल, सब्जियां और चीनी जैसी श्रेणियों में दोहरे अंक (डबल डिजिट) की महंगाई की चेतावनी दी है।
वैश्विक कारण और ईंधन के दामों ने बढ़ाया दबाव
घरेलू आपूर्ति में दिक्कतों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों ने भी घरेलू बाजार में लागत दबाव को बढ़ाया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खाद्य वस्तुओं और विशेषकर आयातित खाद्य तेलों (एडिएबल ऑयल्स) की बढ़ती लागत ने घरेलू स्तर पर महंगाई को भडक़ाने का काम किया। वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद से अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें अपने पुराने स्तरों के मुकाबले लगभग 40 फीसदी ऊपर बनी हुई हैं। इसका सीधा असर परिवहन लागत और अंतत: वस्तुओं की खुदरा कीमतों पर पड़ रहा है।




