अल अमेरत । रिजवानुल्लाह की घातक गेंदबाजी से पाकिस्तान ने यहां एसीसी पुरुष अंडर-19 एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनायी है। इस मैच में जीत के लिए बांग्लादेश ने पाक टीम को 139 रनों का लक्ष्य दिया था। जिसे पाक ने केवल एक विकेट के नुकसान पर ही 21.5 ओवर में हासिल कर लिया। पाक टीम की शुरुआत शानदार रही और पहले विकेट के लिए उस्मान खान और हयाम खान ने मिलकर 20.4 ओवर में 123 रन जोड़े। हयाम ने 69 रनों की पारी खेली। वहीं, उस्मान खान ने भी अर्धशतक पूरा किया और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे। उस्मान 64 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं अब्दुल कादिर 8 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश की तरफ से एकमात्र विकेट रोबिउल हसन ने लिया।
इससे पहले, बांग्लादेश के बल्लेबाज पाकिस्तान के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं पाये और पूरी टीम 31.4 ओवर में केवल 138 रन बनाकर सिमट गयी। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और एसके जरीफ सियाम महज एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कौसर अहमद भी केवल 9 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान मो. फरीद हसन फैसल भी 26 गेंदों का सामना करने के बाद 17 रन बनाकर आउट हुए। अहसन अल मोमिन सिर्फ एक रन ही बना सके, तो अली रफी 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
वहीं अब्दुल्ला अल मुही ने बांग्लादेश की ओर से सर्वाधिक 50 रन बनाए। रकीबुल हुसैन अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और वह 26 रन बनाकर आउट हुए। रोबिउल हसन अनिक और रुबाय इस्लाम बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में रिजवानुल्लाह ने 8 ओवर में 30 रन देकर 5 विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद सय्यम ने 29 रन देकर 2 विकेट लिए।




