विदेशी यात्रियों के लिए नियम आसान किए गए, वीजा की मुख्य श्रेणियां 13 से घटाकर 9 की गईं
नई दिल्ली । भारत आने वाले विदेशी यात्रियों के लिए वीजा प्रक्रिया आसान बनाने की दिशा में गृह मंत्रालय ने बड़ा बदलाव किया है। मंत्रालय ने टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर विजिटर वीजा कर दिया है। इसके साथ ही वीजा की श्रेणियों में कटौती की गई है और आवेदन फॉर्म को भी छोटा किया गया है। सरकार के इस बदलाव का उद्देश्य पर्यटन, कारोबार, चिकित्सा और अन्य अल्पकालिक यात्राओं के लिए भारत आने वाले लोगों को सुविधा देना है।
नई व्यवस्था में वीजा की मुख्य श्रेणियों को 13 से घटाकर 9 और उप-श्रेणियों को 49 से घटाकर 23 कर दिया गया है। वीजा आवेदन फॉर्म में भरे जाने वाले कॉलम भी 65 से 70 प्रतिशत तक कम किए गए हैं।
विजिटर वीजा को दो उप-श्रेणियों वी-1 और वी-2 में बांटा गया है। वी-1 वीजा 30 दिन की वैधता वाला मल्टीपल एंट्री वीजा होगा। इसके तहत विदेशी नागरिक पर्यटन, व्यापारिक बैठकों, मेडिकल परामर्श, वेलनेस रिट्रीट और भारतीय भाषाओं, संगीत तथा कला के अल्पकालिक पाठ्यक्रमों के लिए भारत आ सकेंगे।
वी-2 वीजा लंबी अवधि की यात्राओं के लिए होगा। पात्रता के आधार पर इसकी वैधता एक, पांच या दस साल तक हो सकती है। इसमें वी-1 के तहत अनुमत गतिविधियों के साथ पर्वतारोहण भी शामिल है। पर्वतारोहण के लिए छह महीने का मल्टीपल एंट्री वीजा दिया जाएगा।
मंत्रालय ने मेडिकल वीजा की वैधता बढ़ाकर एक साल कर दी है। इसके अलावा छात्र और कारोबारियों के लिए भी नियमों को सरल बनाया गया है। इन बदलावों से भारत आने वाले विदेशी यात्रियों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में कम जटिल होने की उम्मीद है।




