आरओ के दौर में भी खुले और पत्थर के पुराने कुएं पर निर्भर हैं चोलीटांड़ के ग्रामीण, एक किलोमीटर दूर से लाना पड़ता है पानी
—
मसलिया। एक ओर सरकार हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर सुदूरवर्ती गांवों में आज भी लोग पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मसलिया प्रखंड क्षेत्र के कठलिया पंचायत अंतर्गत पहाड़ किनारे पर बसे चोलीटांड़ गांव की तस्वीर भी कुछ ऐसी ही है। यहां के 25 आदिवासी परिवारों के सैकड़ों सदस्य आज भी पुरखों के बनाए पुराने कुएं और खेतों में बने डोभा के पानी पर निर्भर हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में अब तक सरकार की ओर से एक भी चापानल या जलमीनार नहीं लगाई गई है। गांव के मुहाने पर वर्ष 1984 में पुरखों द्वारा बनाया गया पत्थर का कुआं ही पेयजल का मुख्य स्रोत है। खुले में स्थित इस कुएं के आसपास पेड़ होने के कारण उसमें पत्तियां और लकड़ियां गिरती रहती हैं, जिससे पानी गंदा हो जाता है। ग्रामीण इसी पानी का उपयोग करने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि दूषित पानी के इस्तेमाल से अक्सर लोग बीमार भी पड़ते हैं।
मार्च महीने से गर्मी बढ़ने के साथ ही कुएं का पानी सूख जाता है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को पेयजल के लिए करीब एक किलोमीटर दूर चुरुगुटु गांव जाना पड़ता है। वहीं, घरेलू कामकाज के लिए बहियार में डोभा खोदकर पानी का इंतजाम करते हैं। रायपाड़ा स्थित जलमीनार से पाइप के माध्यम से घरों तक नल से जल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन अब तक ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा है।गांव में स्कूल का चापाकल से पानी लाकर पीना पड़ता है। जहां सभी ग्रामीण पहुंचने पर मना किया जाता है कि अगर स्कूल का चापाकल खराब हो जाएगा तो हमलोग बच्चों का खाना कैसे बनाएंगे।
—
क्या कहते हैं चोलीटांड़ के ग्रामीण
—
जिला और प्रखंड मुख्यालय से दूर होने के कारण शायद सरकारी योजनाएं गांव तक पहुंचते-पहुंचते ही दम तोड़ देती हैं। — प्रभु किस्कू, ग्रामीण।
—
एक वक्त भोजन नहीं मिले तो किसी तरह काम चल सकता है, लेकिन पानी के बिना जीवन कष्टदायक हो जाता है। सरकार को शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करनी चाहिए। — आरती सोरेन।
—
पेड़ के नीचे कुआं होने के कारण उसमें पत्तियां और लकड़ियां गिरती रहती हैं। इससे पानी गंदा हो जाता है और इसके इस्तेमाल से अक्सर लोग बीमार पड़ जाते हैं। — राशमुनी मुर्मू।
—
सरकार बड़े पैमाने पर सोलर संचालित जलमीनार और चापानल लगवा रही है। इसका लाभ हमारे गांव को भी मिले, इसके लिए पहल होनी चाहिए। — सोनाली हेम्ब्रम।
—
कुएं के पानी से किसी तरह घरेलू काम चला लेते हैं, लेकिन कुआं सूखने पर पेयजल और अन्य कार्यों के लिए पानी लाने में काफी परेशानी होती है। — जोतका कोलिहिन, गृहिणी।
—
क्या कहती हैं मुखिया
—
इस संबंध में कठलिया पंचायत की मुखिया बिंदूशिला मरांडी ने बताया कि चुनाव के समय गांव में दो बोरिंग कराए गए थे। जलमीनार लगाने के लिए विभागीय कर्मी भी गांव पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों ने जलमीनार लगाने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की पहल की जाएगी।




