नई दिल्ली । भारतीय रेलवे ने वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में टिकट बुकिंग और यात्रा को लेकर नए नियम स्पष्ट कर दिए हैं। इन प्रीमियम ट्रेनों में अब यात्रियों को तत्काल कोटे से टिकट बुक कराने की सुविधा नहीं मिलेगी। इसके अलावा आरएसी और वेटिंग लिस्ट के टिकट भी जारी नहीं किए जाएंगे। रेलवे के फैसले के मुताबिक, केवल पूरी तरह कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही ट्रेन में सफर करने की अनुमति होगी।
रेलवे ने इन ट्रेनों में एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (एआरपी) के तहत सामान्य आरक्षण की व्यवस्था रखी है। सभी उपलब्ध बर्थ सामान्य आरक्षण के लिए खुली रहेंगी, ताकि यात्री पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाकर टिकट बुक करा सकें। नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने भी तत्काल कोटा नहीं होने की पुष्टि की है।
823 यात्रियों के सफर की व्यवस्था
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच हैं और इनमें 823 यात्रियों के लिए बर्थ उपलब्ध हैं। इनमें एसी थ्री टियर की 611, एसी टू टियर की 188 और फर्स्ट एसी की 24 बर्थ शामिल हैं। इन ट्रेनों को लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। फिलहाल देश में वंदे भारत स्लीपर की तीन जोड़ी ट्रेनें संचालित हैं। इनमें हावड़ा-कामाख्या, वाराणसी-नई दिल्ली और मुंबई-बेंगलुरु मार्ग शामिल हैं।
टिकट कैंसिल कराने पर भी सख्त नियम
रेलवे ने टिकट रद्द कराने पर भी अलग-अलग समय के हिसाब से शुल्क निर्धारित किया है। ट्रेन रवाना होने से 72 घंटे से अधिक पहले टिकट रद्द कराने पर किराए का 25 प्रतिशत काटा जाएगा। 72 से आठ घंटे पहले तक कैंसिलेशन पर 50 प्रतिशत राशि कटेगी। वहीं, ट्रेन रवाना होने से आठ घंटे से कम समय पहले टिकट रद्द कराने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा।




