बेंगलुरु । कोडीहल्ली थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज़ आपराधिक मामला सामने आया है, जहाँ एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़के ने अपनी लिव-इन पार्टनर, जो कि खुद भी नाबालिग थी, की गोली मारकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद, हत्या को छिपाने के लिए उसने अपने भाई और चाचा की मदद से शव को दफना दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नाबालिग लड़के के साथ-साथ उसके भाई और चाचा को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे इस नृशंस अपराध का पर्दाफाश हुआ।
मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी के चाचा ने अपने दोस्तों को इस हत्या के बारे में बता दिया। मामला चर्चा में आया और धीरे धीरे मृतिका के परिजनों तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने जांच और पूछताछ की तो पूरी कहानी सामने आ गई। पुलिस के अनुसार, यह वारदात 10 जुलाई को कोडीहल्ली थाना क्षेत्र के केम्पलानाथ गांव में हुई थी। बताया जाता है कि आरोपी लड़के ने अपनी 16 वर्षीय गर्लफ्रेंड को सोशल मीडिया पर किसी दूसरे लड़के के साथ मैसेज पर बात करते हुए देख लिया था।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई और नाबालिग ने गुस्से में आकर लड़की के साथ मारपीट की। क्रोध में अंधे होकर उसने घर में रखा एक पुराना देसी कट्टा (हथियार) निकाला और अपनी गर्लफ्रेंड पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लड़की किसी दूसरे गांव की रहने वाली थी और अपने माता-पिता से दूर रहकर इस लड़के के साथ रह रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, जांच अधिकारियों ने बताया कि हत्या के बाद नाबालिग लड़का घबरा गया और उसने अपने भाई व चाचा को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद, तीनों ने मिलकर लड़की के शव को दफना दिया ताकि पुलिस और आम लोगों की नज़रों से इस घिनौने जुर्म को छिपाया जा सके।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों नाबालिगों की दोस्ती करीब दो महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए ही हुई थी। पिछले एक महीने से लड़की आरोपी लड़के के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। लड़की ने अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी और अपने माता-पिता से झूठ कहा था कि वह अपनी एक सहेली के साथ रह रही है, इसलिए परिवार ने भी उस पर ज्यादा सवाल नहीं किए थे। वहीं, लड़के के परिवार को भी पता था कि लड़की उसके साथ रह रही है, लेकिन उन्होंने भी कोई आपत्ति नहीं जताई थी। फिलहाल कोडीहल्ली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


