नई दिल्ली । सोने और चांदी के वायदा भाव में गुरुवार को शानदार तेजी दर्ज की गई। घरेलू मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) और अंतरराष्ट्रीय कॉमैक्स (कॉमेक्स) दोनों पर ही कीमती धातुओं के भाव मजबूती के साथ खुले और खबर लिखे जाने तक उनमें बढ़त बरकरार थी, जिससे निवेशकों में उत्साह का माहौल देखा गया। घरेलू बाजार में सोने का बेंचमार्क जून कॉन्ट्रैक्ट 449 रुपये की तेजी के साथ 1,49,499 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 1,49,050 रुपये था। खबर लिखे जाने तक यह कॉन्ट्रैक्ट 415 रुपये की बढ़त के साथ 1,49,465 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान सोने ने 1,49,526 रुपये का उच्च स्तर छुआ और इसका निचला स्तर 1,49,465 रुपये रहा। हालांकि, इस साल यह 1,80,779 रुपये का अपना सर्वोच्च स्तर भी देख चुका है। चांदी के वायदा भाव में भी जोरदार तेजी देखने को मिली।
एमसीएक्सपर मई कॉन्ट्रैक्ट 1,902 रुपये की बड़ी छलांग के साथ 2,35,102 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 2,33,200 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 1,028 रुपये की तेजी के साथ 2,34,228 रुपये पर कारोबार कर रहा था। चांदी ने दिन का उच्च स्तर 2,35,102 रुपये और निचला स्तर 2,34,228 रुपये दर्ज किया। इस साल चांदी 4,20,048 रुपये किलो के अपने सर्वोच्च स्तर को छू चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी के वायदा भाव तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। कॉमैक्स पर सोने का भाव 27.90 डॉलर की बढ़त के साथ 4,589.40 डॉलर प्रति औंस पर देखा गया। यह 4,557 डॉलर प्रति औंस पर खुला था और इसका पिछला बंद भाव 4,561.50 डॉलर प्रति औंस था। इस साल सोने ने 5,586.20 डॉलर का उच्चतम स्तर छुआ था। वहीं चांदी के वायदा भाव भी 1.27 डॉलर की तेजी के साथ 72.84 डॉलर प्रति औंस पर थे। चांदी 71.38 डॉलर पर खुली थी और पिछला बंद भाव 71.56 डॉलर था। चांदी ने इस साल 121.79 डॉलर का सर्वोच्च स्तर दर्ज किया है, जो मौजूदा भाव से काफी ऊपर है।


