मुफ्त बिजली योजना से पाएं हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली
नई दिल्ली । जैसे-जैसे गर्मी अपने तेवर दिखा रही है, एयर कंडीशनर (एसी) घरों की एक बुनियादी जरूरत बनता जा रहा है। लेकिन एसी चलाने के साथ ही हर महीने आने वाले भारी-भरकम बिजली बिल की चिंता अक्सर लोगों को सताती है। अब इस समस्या का समाधान लेकर आई है केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना, जो मध्यम वर्गीय परिवारों को बिजली के भारी बिलों से मुक्ति दिलाकर गर्मी में भी एसी चलाने का अवसर दे रही है। केंद्र सरकार की यह एक बड़ी और दूरगामी पहल है जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अपने घरों की छत पर सौर ऊर्जा पैनल स्थापित करने के लिए प्रेरित करना है। इस योजना का दोहरा लाभ है, आप न केवल अपनी बिजली खुद पैदा करते हैं, बल्कि हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का आनंद भी ले सकते हैं। इससे बिजली बिल का बोझ काफी कम हो जाता है, खासकर गर्मी के महीनों में जब एसी और अन्य उपकरणों का उपयोग बढ़ जाता है।
सबसे बड़ा सवाल जो लोगों के मन में होता है, वह है कि क्या सोलर पैनल से एसी चलाया जा सकता है? इसका सीधा जवाब है – बिल्कुल! एक टन के एयर कंडीशनर को चलाने के लिए आमतौर पर 1.5 किलोवाट से 2 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल सिस्टम की आवश्यकता होती है। एक बार सही क्षमता का सिस्टम लग जाने के बाद, आप दिनभर बिना किसी चिंता के अपने एसी का लुत्फ उठा सकते हैं, वो भी मुफ्त बिजली से। जेब पर नहीं पड़ेगा बोझ: भारी सब्सिडी का लाभ सोलर पैनल लगवाना अब महंगा सौदा नहीं रहा, क्योंकि सरकार इस योजना के तहत भारी सब्सिडी प्रदान कर रही है। सोलर सिस्टम की कुल लागत का 40 से 60 फीसदी तक का हिस्सा केंद्र सरकार वहन करती है। पैनल स्थापित होने और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जमा कर दी जाती है, जिससे जेब पर पड़ने वाला शुरुआती बोझ काफी कम हो जाता है। यह योजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक बचत का भी एक बड़ा माध्यम बन रही है।


