मुंबई । सरकारी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एलआईसी) के शेयरों में बुधवार को जबरदस्त तेजी आई है। एलआईसी के शेयर बुधवार को 7 प्रतिशत से ज्यादा के उछाल के साथ 803 रुपये पर पहुंच गए हैं। एलआईसी ने अपने शेयरधारकों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। बीमा कंपनी अपने निवेशकों को बोनस शेयर बांटने की तैयारी में है। एलआईसी के शेयर फिलहाल अपने आईपीओ प्राइस से नीचे कारोबार कर रहे हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 980.05 रुपये है। वहीं, एलआईसी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 722 रुपये है।
एलआईसी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि 13 अप्रैल को कंपनी बोर्ड की बैठक है। इस मीटिंग में कंपनी के शेयरधारकों को बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार होगा। एलआईसी ने अभी तक अपने शेयरधारकों को कोई बोनस शेयर नहीं दिया है। अगर कंपनी का बोर्ड बोनस शेयर जारी करने की मंजूरी देता है तब यह पहला मौका होगा, जब एलआईसी अपने निवेशकों को बोनस शेयर देगी। एलआईसी अब तक अपने शेयरधारकों को डिविडेंड्स के जरिए रिवॉर्ड देती आई है।
एलआईसी में केंद्र की हिस्सेदारी 96.50 प्रतिशत है, जबकि पब्लिक शेयरहोल्डिंग 3.50 प्रतिशत है। अगर 2 लाख रुपये तक की नॉमिनल शेयर कैपिटल होल्ड करने वाले आम निवेशकों की संख्या फिलहाल 20,97,116 है। कंपनी में आम निवेशकों की हिस्सेदारी 1.52 प्रतिशत है। अगर टोटल पब्लिक शेयरहोल्डर्स की संख्या 21,55,209 है। बीते एक साल में एलआईसी के शेयर करीब 3 प्रतिशत चढ़े हैं। वहीं, पिछले 6 महीने में कंपनी के शेयरों में 10 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर करीब फ्लैट हैं।
एलआईसी का आईपीओ दांव लगाने के लिए 4 मई 2022 को खुला था और यह 9 मई तक ओपन रहा। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 949 रुपये था। एलआईसी के शेयर 8 अप्रैल 2026 को बीएसई में 803 रुपये पर पहुंच गए हैं। एलआईसी के शेयर अभी अपने आईपीओ प्राइस से भी नीचे ट्रेड कर रहे हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


