जामा। थाना क्षेत्र के खटंगी पंचायत अंतर्गत बीचकोडा़ गांव में शिव मंदिर के पास स्थित कुआं से आज गुरुवार को ग्रामीणों के सहयोग से जामा थाना पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। शव देखने से लगता है कि व्यक्ति को बुरी तरह कुचलकर कुआं में डाल दिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शव बाहर निकाला गया तो फूला हुआ और चेहरे पर दाग लगा हुआ था| जिससे ग्रामीण शव को देखने के बाद तुरंत पहचान नही पाए| मृतक के शर्ट एवं चप्पल देखने के बाद पता चला कि मृतक बीचकोड़ा गांव का ही रहने वाला है। मृतक की पहचान सुभाष गंधर्व पिता- देवानंद गंधर्व बीचकोडा़ के रूप में हुई है। मृतक के चाचा नरेश गंधर्व ने शव की पहचान की। मिली जानकारी के अनुसार मृतक सुभाष का पूरा परिवार गोड्डा में रहता है। सोमवार को बीचकोड़ा अपने गांव बली पूजा में शामिल होने आया था। मंगलवार को गांव वालों ने शाम 6:00 बजे उसे बीचकोड़ा हटिया में देखा था। जो तीन चार व्यक्ति के साथ हटिया के बगल में शराब पी रहा था। मृतक के चाचा का कहना है कि सुभाष के साथ एक व्यक्ति था जो हटिया से शराब पीने के बाद कमार पाड़ा बीचकोड़ा लेकर चला गया एवं उसी दिन शाम से वह गायब हो गया था। मृतक के चाचा का आरोप है कि उसी कमार पाड़ा के लोगों ने भतीजा को मार कर शिव मंदिर के बगल में कुआं में डाल दिया है। बता दें कि मृतक शादी शुदा है और पत्नि अंजनी देवी और एक पुत्र एवं एक पुत्री भी है जिसे सूचना दी गई है और जानकारी पाकर गोड्डा से घर आ रही है।
इधर जामा थाना पुलिस ने चाचा नरेश गंधर्व एवं ग्रामीणों के बयान पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है। जामा थामा प्रभारी का कहना है कि शव को बरामद कर पोस्टमॉटम के लिए भेजा गया है| यह हत्या का मामला है कि नही यह जांच का विषय है| अभी परिजनो का कोई लिखित आवेदन प्राप्त नही हुआ है। आवेदन प्राप्त होने के बाद न्याय संगत कारवाई की जायेगी और जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


