मुंबई । अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी टाटा हैरियर ईवी का स्वदेशी कंपनी टाटा मोटर्स ने नया वेरिएंट फियरलेस प्लस क्यूडब्ल्यूडी 75 लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह वेरिएंट सुपरकार जैसी परफॉर्मेंस के साथ बेहतरीन ऑफ-रोड क्षमता भी प्रदान करता है, जिससे यह अलग-अलग ड्राइविंग कंडीशन्स के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर उभरता है।
इस ड्यूल मोटर क्वॉड-व्हील ड्राइव वेरिएंट की शुरुआती कीमत 26.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। नया वेरिएंट टाटा के एक्टी.ईवी प्लस प्लेटफॉर्म पर आधारित है और इसमें ड्यूल मोटर सेटअप दिया गया है, जो ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आता है। यह एसयूवी 504एनएम का टॉर्क जनरेट करती है और मात्र 6.3 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इस तेज एक्सेलेरेशन के साथ यह सेगमेंट में अपनी खास पहचान बनाती है। साथ ही इसमें 6 टेरेन मोड, ऑफ-रोड असिस्ट और बूस्ट मोड जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जो इसे शहर की सड़कों से लेकर कठिन रास्तों तक हर जगह सक्षम बनाते हैं। अब तक टाटा का क्यूडब्ल्यूडी सिस्टम केवल टॉप-स्पेक वेरिएंट तक सीमित था, लेकिन फियरलेस प्लस क्यूडब्ल्यूडी 75 के लॉन्च के बाद ग्राहकों को कम कीमत में ड्यूल मोटर तकनीक का विकल्प मिल गया है। यह वेरिएंट खासतौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो ज्यादा फीचर्स के बजाय परफॉर्मेंस और ऑफ-रोडिंग क्षमता को प्राथमिकता देते हैं।
फीचर्स की बात करें तो इसमें 6-वे पावर्ड ड्राइवर सीट, 4-वे पावर्ड को-ड्राइवर सीट, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 360-डिग्री कैमरा और जेबीएल का 10-स्पीकर ऑडियो सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा 19-इंच अलॉय व्हील्स, वॉइस-असिस्टेड ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, एम्बिएंट लाइटिंग और रियर सनशेड जैसे फीचर्स भी इसमें शामिल हैं, जो ड्राइविंग अनुभव को और बेहतर बनाते हैं। सुरक्षा के मामले में भी यह एसयूवी मजबूत है और इसे 5-स्टार भारत एनकैप रेटिंग मिली है। कंपनी बैटरी पर अनलिमिटेड लाइफटाइम वारंटी भी दे रही है, जिससे ग्राहकों को लंबी अवधि तक भरोसेमंद उपयोग का आश्वासन मिलता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


