मृतका जसप्रीत की होने वाली थी शादी , भाइयों के साथ गई थी शॉपिंग करने
फिरोजपुर । पंजाब के फिरोजपुर में ट्रिपल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई। जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की जिसमें बहन और दो भाइयों की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश एक व्यक्ति की बाइक छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
डीआईजी अजय मलुजा ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। इस घटना में तीन की मौत हुई और दो घायल हुए हैं. जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका जसप्रीत कौर की एक महीने बाद शादी थी। वह अपने दो भाइयों के साथ शॉपिंग करने गई थी। घर के निकलने के बाद बदमाशों ने उनका पीछा किया और गुरुद्वारा अकालगढ़ साहिब के पास जब इनकी कार पहुंची तो इन पर बदमाशों ने गोलियां बरसानी शुरु कर दीं। हमलावरों ने करीब 20 राउंड कार पर फायरिंग की और फरार हो गए। मृतकों की पहचान दिलदीप सिंह, आकाशदीप सिंह और जसप्रीत कौर के तौर पर हुई है। मृतक रिश्ते में भाई बहन थे। वहीं मृतक जसप्रीत के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। डीआईजी ने बताया कि बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।






