नये नियम 1 अप्रैल 2026 से लागू होने की संभावना
नई दिल्ली । केंद्र सरकार 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाले नए इनकम टैक्स नियम तैयार कर रही है। ये नियम 1962 के पुराने कानून की जगह लेंगे और डिजिटल ट्रांजैक्शन में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ टैक्स चोरी पर कड़ी नजर रखेंगे। यदि कोई व्यक्ति सालाना 10 लाख रुपए या उससे अधिक का क्रेडिट कार्ड या डिजिटल भुगतान करता है, तो बैंक इसकी जानकारी सीधे आयकर विभाग को देंगे। 1 लाख रुपए या उससे अधिक का नकद भुगतान भी निगरानी में रहेगा। अब क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट का उपयोग एड्रेस प्रूफ के रूप में किया जा सकेगा। इसके अलावा, भविष्य में टैक्स भुगतान सीधे क्रेडिट कार्ड से किया जा सकेगा, हालांकि बैंक प्रोसेसिंग शुल्क लागू होंगे। कंपनी कार्ड से व्यक्तिगत खर्च पर टैक्स लगेगा, जबकि व्यवसायिक खर्च जैसे मीटिंग और ट्रिप पर टैक्स मुक्त रहेगा, बशर्ते कंपनी का पूरा रिकॉर्ड हो। क्रेडिट कार्ड के लिए अब पेन कार्ड अनिवार्य होगा। बिना पेन के आवेदन स्वीकार नहीं होंगे, जिससे बड़े ट्रांजैक्शन को टैक्स प्रोफाइल से जोड़ना आसान होगा। नए नियम टैक्स व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और डिजिटल खर्च को सही तरीके से रिपोर्ट करने में मदद करेंगे।


