जीएसटी काउंसिल की बैठक में हो सकता है फैसला
नई दिल्ली । सूत्रों के अनुसार जीएसटी काउंसिल अपनी अगली बैठक में एयर और वाटर प्यूरीफायर पर 18 फीसदी जीएसटी घटाकर 5 फीसदी करने पर विचार कर सकती है। इससे इन उत्पादों को आवश्यक वस्तुओं की श्रेणी में शामिल करने की संभावना भी है। उद्योग का अनुमान है कि कीमतों में 10-15 फीसदी तक कमी आएगी, जिससे कम आय वाले परिवारों के लिए साफ हवा और सुरक्षित पानी तक पहुंच आसान होगी। दिल्ली हाईकोर्ट ने 24 दिसंबर को केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि जीएसटी घटाने पर विचार के लिए काउंसिल की बैठक जल्द बुलाई जाए। अदालत ने वर्चुअल बैठक की संभावना भी सुझाई। इस पर राजनीतिक दबाव भी बढ़ा है; पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कई उद्योग संगठनों ने कटौती की मांग की। जीएसटी में किसी बदलाव के लिए राज्यों के वित्त मंत्रियों की सहमति जरूरी होगी। संसदीय स्थायी समिति ने भी रिपोर्ट में सिफारिश की है कि स्वच्छ हवा और सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने वाले उत्पादों पर जीएसटी घटाया या समाप्त किया जाए।


