पेट्रोल टू-व्हीलर को इलेक्ट्रिक में बदलने पर 35,000–40,000 रुपए की सब्सिडी मिलेगी
नई दिल्ली । दिल्ली सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने के लिए नई नीति तैयार कर रही है। ड्राफ्ट जनवरी के पहले सप्ताह में सार्वजनिक हो सकता है। नई पॉलिसी के तहत पेट्रोल टू-व्हीलर को इलेक्ट्रिक में बदलने पर 35,000–40,000 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। इससे इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक्स की शुरुआती कीमत लगभग 60–65 हजार रुपये तक कम हो जाएगी। यह कदम खासतौर पर मिडिल क्लास परिवारों को ध्यान में रखकर उठाया गया है। नई नीति 20 लाख रुपये तक की पेट्रोल या डीजल कारों को इलेक्ट्रिक में बदलने पर भी सब्सिडी देने की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा ऑटो और ई-रिक्शा जैसे कमर्शियल थ्री-व्हीलरों को इलेक्ट्रिक में बदलने पर भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इसका उद्देश्य निजी और व्यवसायिक वाहनों दोनों में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देना है। नई ईवी पॉलिसी का मकसद केवल वाहन खरीदारों को राहत देना नहीं है, बल्कि दिल्ली में प्रदूषण कम करना और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देना भी है। मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों ने हाल ही में प्रदूषण पर उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें ईवी के इस्तेमाल को तेज करने के कई उपायों पर चर्चा हुई। दिल्ली में 2020 से ईवी पॉलिसी लागू है, जिसमें इलेक्ट्रिक दो-व्हीलर पर 30,000 रुपये तक, तीन-व्हीलर पर 30,000 रुपये और कारों पर अधिकतम 1.5 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाती थी। नई नीति इन प्रावधानों को और मजबूत करते हुए अधिक लोगों तक लाभ पहुँचाने की दिशा में है। नई पॉलिसी के लागू होते ही मिडिल क्लास और ईवी खरीदारों की उम्मीदें बढ़ गई हैं, और राजधानी को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के अगले स्तर पर ले जाने की उम्मीद है।


