मुंबई । देश के दिग्गज कारोबारी गौतम अदाणी के अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी, अदाणी एंटरप्राइजेज उन 11 एयरपोर्ट के लिए आक्रामक रूप से बोली लगाने की तैयारी में है, जिन्हें केंद्र सरकार निजी सेक्टर को लीज पर देने की योजना बना रही है। अदाणी समूह का यह कदम एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 11 बिलियन डालर की उसकी विस्तार रणनीति के तहत आता है। भारत के अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी के नेतृत्व वाले ग्रुप ने हाल के सालों में तेज़ी से विस्तार किया है, और उसकी एयरपोर्ट सब्सिडियरी कंपनी, एयरपोर्ट की संख्या के मामले में भारत की सबसे बड़ी ऑपरेटर बन गई है। वहीं, भारत की दूसरी बड़ी एविएशन कंपनी, जीएमआर ग्रुप है, जो हैंडल किए गए यात्रियों की संख्या के मामले में सबसे बड़ी ऑपरेटर है।
दरअसल, भारत सरकार सरकारी एयरपोर्ट्स को लंबे समय के लिए निजी कंपनियों को लीज़ पर दे रही है, साथ ही नए एयरपोर्ट बनाने के लिए प्रोत्साहन भी दे रही है। केंद्र सरकार का प्लान है कि 2047 तक एयरपोर्ट की संख्या बढ़कर 350 से 400 एयरपोर्ट हो जाएं, जो अभी 163 है। इस साल की शुरुआत में, नई दिल्ली ने अमृतसर और वाराणसी सहित 11 एयरपोर्ट को लीज़ पर देने का प्लान बनाया था।
अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड के डायरेक्टर जीत अदाणी ने एक इंटरव्यू में कहा, हम उन सभी (11) एयरपोर्ट्स के लिए बोली लगाएंगे। अदाणी एयरपोर्ट्स पूरे भारत में 7 एयरपोर्ट्स मैनेज करता है और इस महीने अपने पहले बनाए गए एयरपोर्ट को चालू करने वाला है, जो मुंबई के पास एक नया एयरपोर्ट है।
अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स ने सिडको के साथ पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के तहत नवी मुंबई एयरपोर्ट को तैयार किया है। अदाणी समूह का कहना है कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सर्विसेज को किफायती बनाया जाएगा। जीत अदाणी ने बताया कि नई फैसिलिटी में पैसेंजर एक्सपीरियंस पर खास ध्यान दिया गया है और पूरे एयरपोर्ट को एक आम भारतीय यात्री की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए बहुत सोच-समझकर डिज़ाइन किया गया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


