कोलकाता । कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और फिर निर्मम हत्या के मामले में मुख्य आरोपी संजय रॉय वर्तमान में कोलकाता के सुधार गृह में बंद है। जेल में आरोपी रॉय को अन्य कैदियों की तरह ही रोटी-सब्जी दी गई, रोटी-सब्जी खाने से साफ इंकार किया। संजय रॉय ने जेल कर्मचारियों से कहा कि रोटी-सब्जी की बजाय अंडा और चाऊमिन चाहिए। दरिंदे संजय रॉय के व्यवहार को देखकर स्पष्ट होता है कि उसे अपने द्वारा किए गए जघन्य अपराध पर कोई शर्म नहीं है। वहीं ईएमएस न्यूज एजेंसी इस खबर की पुष्टि नहीं करता है।
जेल के नियमों के अनुसार, किसी भी कैदी को वहीं खाना दिया जाता है जो सभी कैदियों के लिए निर्धारित होता है। विशेष मामलों में, कैदियों को घर से खाना मंगवाने की अनुमति होती है। रिपोर्टों के अनुसार, संजय रॉय ने रोज रोटी-सब्जी देने पर गुस्सा जताकर अंडा चाऊमिन की मांग की। हालांकि, जेल कर्मचारियों ने उसकी अंडा चाऊमिन की मांग को अस्वीकार कर कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद, रॉय ने मजबूरी में रोटी-सब्जी खाई। सीबीआई की हिरासत से सुधार गृह में ट्रांसफर किए जाने के बाद संजय रॉय ने सोने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। इसके अतिरिक्त, रॉय को खुद से बात करते हुए भी देखा गया था। कुछ दिनों बाद, उसने अपनी सामान्य स्थिति में लौटने की कोशिश की।
सीबीआई संदीप घोष से पूछताछ जारी रखे हुए है। सीबीआई ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल घोष को लगातार 14वें दिन तलब किया। रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि संदीप घोष से एजेंसी पहले ही 140 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ कर चुकी है। संदीप घोष को सुबह लगभग 10:45 बजे साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में देखा गया, जो कि एजेंसी का पूर्वी क्षेत्रीय मुख्यालय है।






