नई दिल्ली । कार निर्माता स्वदेशी कंपनी महिंद्रा ने 2025 में इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में बिक्री के मामले में लंबी छलांग लगाई है। बाजार में पिछले साल कंपनी की ईवी हिस्सेदारी मात्र 1 प्रतिशत थी, वहीं जनवरी से अक्टूबर 2025 के बीच यह बढ़कर 7.5 प्रतिशत तक पहुंच गई। महिंद्रा की इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में साल-दर-साल करीब 7 गुना वृद्धि दर्ज की गई। इस शानदार उछाल के पीछे कंपनी के दो नए बॉर्न इलेक्ट्रिक मॉडल बीई 6 और एक्सईवी 9ई की जबरदस्त सफलता को प्रमुख वजह माना जा रहा है।
कंपनी ने इस अवधि में कुल 38,464 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की और इनमें बीई 6 तथा एक्सईवी 9ई का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन दोनों मॉडलों ने मिलकर कंपनी की कुल बिक्री में करीब 7 प्रतिशत का हिस्सा अकेले कवर किया। पिछले साल महिंद्रा के पास सिर्फ एक्सयूवी 400 एकमात्र ईवी विकल्प था, लेकिन नए मॉडल लॉन्च होते ही कंपनी का ईवी पोर्टफोलियो मजबूत हो गया और मांग तेजी से बढ़ी। इस सफलता के साथ महिंद्रा देश की तीसरी सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार कंपनी बन गई है। अक्टूबर 2025 में कंपनी की ईवी रिटेल बिक्री 3,911 यूनिट तक पहुंच गई, जिसमें उससे आगे केवल टाटा मोटर्स और जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर ही रहे। इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में महिंद्रा लगातार अपनी पकड़ मजबूत करती दिखाई दे रही है।
कंपनी अब अपने पोर्टफोलियो को और विस्तार देने जा रही है और 27 नवंबर को एक्सईवी 9ई लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। एफवाय 2024 में महिंद्रा सिर्फ एक्सयूवी 400 की बिक्री के दम पर कैफे2 नॉर्म्स पर खरा उतरा था। अब बीई 6 और एक्सईवी 9ई की बढ़ती मांग ने कंपनी को कैफे 3 (2027) के लिए और सक्षम बना दिया है। इस नए मॉडल के आने से कंपनी की ईवी ईवी बिक्री में और तेजी आने की संभावना है। भारत के कैफे नियमों के तहत कार कंपनियों को फ्यूल एफिशिएंसी और सीओ एमिशन का कड़ा पालन करना होता है।


