नई दिल्ली । भारतीय बाजार में चाइनीज कंपनी वीवो ने अपना नया स्मार्टफोन वीवो वाय19एस 5जी पेश किया है। वीवो कंपनी ने इसे तीन वेरिएंट्स में पेश किया है 4जीबी प्लस 64जीबी की कीमत रुपए 10,999, 4जीबी प्लस 128जीबी की कीमत रुपए11,999 और 6जीबी प्लस 128जीबी की कीमत रुपए13,499 रखी गई है।
यह फोन दो कलर ऑप्शन्स मैजेस्टिक ग्रीन और टाइटेनियम सिल्वर में आता है। वीवो वाय19एस 5जी में 6.74 इंच का एचडी प्लस एलसीडी डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजॉल्यूशन 1600गुणा 720 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 90 एचझेड है। डिस्प्ले का पीक ब्राइटनेस लेवल 700 निट्स है, जो इसे आउटडोर उपयोग के लिए उपयुक्त बनाता है। फोन में मीडियाटेक डायमेंसिटी 6300 प्रोसेसर दिया गया है, जो इसे 5जी कनेक्टिविटी के साथ स्मूथ परफॉर्मेंस प्रदान करता है। इसमें 6जीबी तक की एलपीडीडीआर4 एक्स रैम और 128जीबी तक की ईएमएमसी 5.1 स्टोरेज दी गई है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड से बढ़ाया जा सकता है। फोटोग्राफी के लिए फोन में 13 मेगापिक्सल का मेन कैमरा और 0.08 मेगापिक्सल का सेकेंडरी लेंस दिया गया है, जबकि सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। फोन में 6000एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 15वॉट फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
कनेक्टिविटी के लिए इसमें वायफाय (2.4जीएचझेड/5जीएचझेड), ब्ल्यूटूथ 5.4, जीपीएस, और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कुल मिलाकर, वीवो वाय19 एस 5जी एक ऐसा बजट 5जी स्मार्टफोन है जो मजबूत बैटरी, आकर्षक डिजाइन और भरोसेमंद परफॉर्मेंस के साथ ग्राहकों को एक किफायती लेकिन आधुनिक विकल्प प्रदान करता है। यह स्मार्टफोन एंड्राएड 15 आधारित फनटच ओएस 15 पर चलता है और भविष्य में कंपनी से अपडेट्स भी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, फोन को IP64 डस्ट और वॉटर रेजिस्टेंट रेटिंग मिली है।


