शिमला । राजधानी शिमला की बैंक ऑफ बड़ौदा की कुसुम्पटी शाखा से करोड़ों रुपये के गबन का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में बताया गया है कि कुसुम्पटी शाखा के अधिकारी ने एक सरकारी संस्था के खाते से 22 अगस्त और 27 अगस्त को बिना अनुमति 3.70 करोड़ रुपये एक महिला के खाते में ट्रांसफर कर दिए। बैंकिंग नियमों की अनदेखी करते हुए की गई इस बड़ी हेराफेरी ने बैंकिंग व्यवस्था को हिला कर रख दिया है। ट्रांसफर की गई राशि को आरोपी ने कई खातों में बांटकर नकद निकाल लिया। जांच के दौरान पता चला कि अभी करीब 90.95 लाख रुपये उसी खाते में बचे हैं, जिन्हें बैंक प्रशासन ने फ्रीज कर दिया है। सितंबर को आरोपी अधिकारी ने लिखित रूप में जुर्म कबूल किया और बताया कि उसने अज्ञात लोगों के साथ मिलीभगत कर निजी लाभ के लिए यह धोखाधड़ी की है। इससे मामला और गंभीर हो गया है। छोटा शिमला थाना पुलिस ने बैंक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316 (5) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। बैंक प्रशासन को संदेह है कि इस घोटाले में और लोग भी शामिल हो सकते हैं, इसलिए जिन खातों में पैसे ट्रांसफर और नकद निकासी हुई, उन सभी की विस्तार से जांच की जा रही है।


