छतरपुर । बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सामने कई भक्त अपनी पर्ची निकलवाते हैं। लेकिन ये बात भी सही है कि उनके भक्तों की संख्या हजारों-लाखों में है। हाल ही में अपने प्रवचन के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि कैसे उनसे अनोखे-अनोखे भक्त टकरा जाते हैं। एक महिला ने उनके सिर पर नारियल ही फेंक कर मार दिया। इससे उन्हें इतनी चोट लगी कि वे पूरी रात परेशान रहे। धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि इतना ही नहीं, एक भक्त उनके ऊपर चाकू लेकर चढ़ गया था। तब उन्हें अपनी सिक्योरिटी की जरूरत पड़ती है।
मध्यप्रदेश के छतरपुर के शास्त्री महज 22 साल की उम्र में ही पीठाधीश्वर बन गए थे और उनकी उम्र अब 28 साल है। ऐसा माना जाता है कि उनके पास दिव्य शक्ति है कि वह लोगों की परेशानी को झट से समझ जाते हैं और भक्तों को समाधान भी देते हैं। हाल ही में अपने एक प्रवचन में बाबा अपनी ही सिक्योरिटी का मजाक उड़ाते हुए दिखाई दिए। वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री बताते हैं कि , एक बार एक आदमी हमारे पास आया कि बाबा तुम्हारो बॉडीगार्ड बनना है। मैंने कहा बन जाओ, क्या दिक्कत है। एक जगह लड़ाई हुई सो हमी को उन्हें बचाना पड़ा। वीडियो में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बॉडीगार्डों को देखकर कहते हैं, हमारे बॉडीगार्ड भाग गए, वे तभी आएंगे जब हमला होगा। तभी उन्हें अपने बॉडीगार्ड कहीं बैठे हुए दिख गए। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हमारी सिक्योरिटी भी गजब की है। इन्हें किसी बात की चिंता नहीं है। ये बस भक्तों को तभी धक्का देते हैं, जब कोई फूल चढ़ाने आए।’ तभी कैमरा उनके सिक्योरिटी गार्ड की तरफ घूमता है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कहते हैं कि इन्हें कोई चिंता नहीं है, बस जैकेटें पहन रहे, काजू के फक्के खा रहे… इनसे पूछो काम क्या है, तब कहते हैं गुरुजी की सुरक्षा है। बस एक ही काम है कि भक्त गुरुजी को फूलमाला न चढ़ा पाएं। इसके बाद वह बताते हैं कि ये सब पूरा सच नहीं है, बहुत अच्छे बच्चे हैं। उन्होंने कहा, ‘बहुत उपद्रवी भी हमसे जुड़े हैं। कुछ भक्त फूलमाला चढ़ाते हैं, तब एक संतमहाराज चाकू लेकर आ गए। अब भक्त हैं, इन्हें मना थोड़े ही कर सकते हैं। अब कल एक माता जी ने नारियल मार दिया फेंक कर नाक में। पूरी रात लाल रही नाक, हम बाम लगाते रहे। हमने माता से पूछा कि ये नारियल क्यों मारा फेंक कर तब बोलीं, गुरू जी अर्जी चढ़ाई है।






