चिकन फ्राई खाने के बाद बेचैनी और उल्टी की हुई थी शिकायत
भुवनेश्वर । ओडिशा में जीव विज्ञान संस्थान (आईएलएस) के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. संदीप कुमार मिश्रा का निधन हो गया है। उनकी मौत संदिग्ध परिस्थियों में हुई है। परिवार ने उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की बात कही है। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि चिकन फ्राई खाने से उनकी मौत हुई है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 57 वर्षीय संदीप स्तन कैंसर के इलाज के लिए दवा पर शोध कर रहे थे। वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ भुवनेश्वर के सत्यनगर इलाके में रहते थे।
डॉ. संदीप कुमार मिश्रा की साली राजलक्ष्मी रे के मुताबिक डॉ. संदीप ने दोपहर में चिकन फ्राई खाया था। उसके बाद उनहें बेचैनी, बदहजमी और उल्टी की शिकायत हुई। दोपहर अस्पताल ले जाया गया था। राजलक्ष्मी ने बताया कि डॉक्टरों ने डॉ. संदीप की जांच की और उन्हें दवाएं दीं। जब वह ठीक महसूस कर रहे थे तो उन्होंने अपनी पत्नी से घर चलने को कहा। राजलक्ष्मी ने कहा कि वह दोपहर में घर लौटे। रात करीब 11 बजे संदीप ने फिर बेचैनी और सांस लेने में तकलीफ की बात कही। संदीप को फिर अस्पताल लेकर गए । वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजलक्ष्मी ने बताया कि डॉ. संदीप की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हुई है। खारवेलनगर थाना प्रभारी ने कहा कि संदीप के शव को अस्पताल के मर्च्युरी में रखा गया है। डॉ. संदीप की बहन अमेरिका में रहती हैं। पुलिस उनका इंतजार कर रही है। उनके आने के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज करने का कारण पूछे जाने पर पुलिस ने कहा कि ऐसा इसलिए किया क्योंकि वैज्ञानिक को अस्पताल में मृत लाया गया था।






