कर्नाटक से बीजेपी के राज्यसभा सांसद ने की जांच की मांग
बेंगलुरु । कर्नाटक से बीजेपी के राज्यसभा सांसद लहर सिंह सिरोया ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके परिवार को एयरोस्पेस में जमीन आवंटित किए जाने को लेकर सवाल किए हैं। उन्होंने कहा कि जो जमीन खड़गे परिवार को मिली है, वह अनुसूचित जाति और दलित वर्ग के युवाओं के लिए है। सिरोया ने कहा कि हम इस मामले में जांच की मांग करते हैं।
सिरोया ने कहा कि एक आरटीआई कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने राज्यपाल से शिकायत की। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके परिवार को एयरोस्पेस में जमीन आवंटित की गई है। अनुसूचित जाति और दलित वर्ग के लिए मौजूद जमीन उन्हें कैसे दी गई। उन्होंने कर्नाटक सरकार के मंत्री एमबी पाटिल के बयान पर कहा, एससी-एसटी कोटा के तहत जो सुविधाएं दी जाती हैं, वह आम लोगों के लिए है न कि एक राष्ट्रीय पार्टी के नेताओं के लिए। उन्होंने कहा कि एमबी पाटिल अच्छे व्यक्ति हैं और उन्हें तुरंत इसकी जांच का आदेश दे देना चाहिए। अगर निष्पक्षता के साथ जांच होगी तो ये राज्य के लिए अच्छा होगा।
उन्होंने कहा कि मैं, मल्लिकार्जुन खड़गे का सम्मान करता हूं लेकिन, उन्हें इस बात पर भी विचार करना चाहिए कि उनकी पार्टी में परिवारवाद कब तक चलेगा। इस मामले में राज्यपाल को संबंधित दस्तावेज भी मुहैया कराऊंगा। सिरोया ने दावा किया कि मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके परिवार को एयरोस्पेस में जमीन दी गई है लेकिन, इस जमीन को अनुसूचित जाति और दलित वर्ग के युवाओं के लिए रिजर्व किया गया था। ताकि वे पढ़-लिखकर यहां कोई उद्योग शुरू कर सकें।






