नई दिल्ली । मारुति सुजुकी अपने ग्राहकों के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। कंपनी अपनी पुरानी गाड़ियों के लिए ई20 मैटेरियल अपग्रेड किट लाने की योजना बना रही है। इस किट की मदद से 10 से 15 साल पुरानी गाड़ियाँ भी ई 20 पेट्रोल पर बिना किसी परेशानी के चल सकेंगी। इसकी कीमत 4,000 से 6,000 रुपये के बीच हो सकती है और यह वाहन के मॉडल पर निर्भर करेगी। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि इस किट पर सरकार या कंपनी कोई सब्सिडी देगी या नहीं।
बताया जा रहा है कि अन्य ऑटोमोबाइल कंपनियाँ भी इसी तरह के अपग्रेड प्रोग्राम पर काम कर रही हैं। तकनीकी दृष्टि से वाहनों को ई 20 संगत बनाना संभव है, लेकिन इसके लिए कुछ बदलाव जरूरी होंगे। खासकर फ्यूल लाइन, सील और गैसकेट जैसे मेटल, रबर और प्लास्टिक पार्ट्स को बदलना पड़ेगा। इसके साथ ही इंजन की री-ट्यूनिंग करनी होगी, ताकि वह नए मिश्रित ईंधन के साथ बेहतर परफॉर्म कर सके। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनियाँ विशेष किट्स तैयार कर रही हैं। अगर मारुति सुजुकी की यह योजना अमल में आती है तो पुराने वाहन मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह कदम न केवल गाड़ियों की उम्र बढ़ाएगा बल्कि सरकार की हरित ईंधन नीति को भी गति देगा। बता दें कि भारत सरकार देश में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई20) को बढ़ावा दे रही है, लेकिन वाहन मालिकों की चिंताएँ अब भी बनी हुई हैं। लोगों का मानना है कि ई 20 से गाड़ियों की माइलेज कम हो सकती है और इंजन पर असर पड़ सकता है। यही वजह है कि कई लोग इस ईंधन को अपनाने में हिचकिचा रहे हैं। दूसरी ओर, वाहन निर्माता भी वारंटी के मामले में केवल मॉडल-विशिष्ट ईंधन सिफारिशों पर कायम हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


