नई दिल्ली । अपनी लोकप्रिय कम्यूटर बाइक ‘हीरो ग्लैमर’ को हीरो मोटोकॉर्प कंपनी नए रूप में पेश करने जा रही है।कंपनी हीरो मोटोकार्प ने लॉन्च से पहले इसका आधिकारिक टीज़र जारी कर दिया गया है। बाइक में सबसे बड़ा आकर्षण है क्रूज़ कंट्रोल टेक्नोलॉजी, जो अब तक केवल कारों या हाई-एंड बाइक्स में देखने को मिलती थी। यह फीचर कम्यूटर बाइक सेगमेंट में पहली बार शामिल किया जा रहा है, जिससे नई ग्लैमर अपने वर्ग में अलग पहचान बना सकती है। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में इस बाइक को टेस्टिंग के दौरान सड़कों पर देखा गया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। तस्वीरों से पता चलता है कि हैंडलबार पर इग्निशन बटन के नीचे, दाईं ओर क्रूज़ कंट्रोल के लिए अलग टॉगल स्विच दिया गया है। बाईं ओर के स्विचगियर का डिजाइन भी बदला गया है और इसमें एलसीडी इंस्ट्रूमेंट पैनल को नियंत्रित करने के लिए विशेष नेविगेशन बटन मौजूद हैं।
क्रूज़ कंट्रोल की मदद से राइडर बिना लगातार थ्रॉटल घुमाए तय की गई रफ्तार पर बाइक को चला सकता है, जिससे खासकर लंबी हाईवे राइडिंग में थकान काफी कम होती है। इसके अलावा नई ग्लैमर में पारंपरिक टेलिस्कोपिक फोर्क्स, साड़ी गार्ड, पूरी तरह बंद चेन कवर, सिंगल पीस सीट और मजबूत रियर ग्रैब रेल जैसे भरोसेमंद फीचर्स भी दिए गए हैं। तकनीकी दृष्टि से यह कदम भारतीय कम्यूटर बाइक मार्केट में एक नया ट्रेंड शुरू कर सकता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


