ढ़ाका । बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने सितंबर में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने वाले एशिया कप के साथ ही नीदरलैंड के खिलाफ इसी माह होने वाली टी20 सीरीज के लिए 25 संभावित खिलाड़ियों के नामों की घोष्णा की है। इस टीम में तीन साल के बाद नुरुल हसन की भी वापसी हुई है। नुरुल ने अपना अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2022 में खेला था। डच टीम 26 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगी। डच टीम बांग्लादेश दौरे पर तीन टी20 मैच खेलेगी। ये मैच 30 अगस्त, 1 सितंबर और 3 सितंबर को खेले जाएंगे।
नूरुल को जहां अवसर मिला है। वहीं एक अन्य खिलाड़ी मोसद्देक हुसैन को अवसर नहीं मिला। उन्हें ए टीम के दौरे के लिए भी नहीं चुना गया। इस टूर्नामेंट के बाद बांग्लादेश ए टीम दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार दिवसीय मैच खेलेगी। ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज को आगामी एशिया कप के लिए बनाये रखा गया है हालांकि, उनका टी20 प्रारुप में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। मिराज हाल ही में श्रीलंका के टी20 दौरे और पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू और विदेशी सीरीज में प्रभावित नहीं कर पाये थे। बीसीबी ने कहा कि उपलब्ध खिलाड़ी 6 अगस्त को एसबीएनसीएस, मीरपुर में फिटनेस कैंप पहुंचेंगे।
बांग्लादेश की 25 सदस्यीय संभावित टीम इस प्रकार है : लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन तमीम, नईम शेख, सौम्य सरकार, मोहम्मद परवेज हुसैन एमोन, एमडी तौहीद ह्रदय, जाकिर अली अनिक, मेहदी हसन मिराज, शमीम हुसैन, नजमुल हुसैन शांतो, रिशाद हुसैन, मेहदी हसन, तनवीर इस्लाम, नासुम अहमद, हसन महमूद, तस्कीन अहमद, तंजीम हसन साकिब, मोहम्मद सैफुद्दीन, नाहिद राणा, मुस्तफिजुर रहमान, शोरिफुल इस्लाम, सैयद खालिद अहमद, काजी नुरुल हसन सोहन, महिदुल इस्लाम भुईयां अंकन, मोहम्मद सैफ हसन।


