नई दिल्ली । कार निर्माता कंपनी हुंडई मोटर इंडिया अपनी लोकप्रिय एसयूवी क्रेटा के तीसरे जनरेशन मॉडल की तैयारी कर रही है। कंपनी की इसे 2027 में बाजार में उतारने की योजना है। कंपनी ने इस नई क्रेटा को कोडनेम एसएक्स3 दिया गया है और यह भारत में कंपनी की पहली हाइब्रिड कॉम्पैक्ट एसयूवी होगी।
क्रेटा भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी है और इलेक्ट्रिक वेरिएंट की सफलता के बाद कंपनी अब हाइब्रिड तकनीक के साथ अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है। थर्ड जेन क्रेटा में हुंडई का नया हाइब्रिड पावरट्रेन दिया जाएगा, जो 1.5 लीटर 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पर आधारित होगा। इसमें एक इलेक्ट्रिक मोटर जोड़ी जाएगी, जो टॉर्क असिस्ट प्रदान करेगी और रीजनरेटिव ब्रेकिंग के जरिए बैटरी चार्ज करेगी। यह सेटअप सामान्यत: स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड माना जाता है और इसमें छोटा बैटरी पैक होगा, जिससे लो-स्पीड पर वाहन पूरी तरह इलेक्ट्रिक मोड में चल सकेगा। माइलेज के मामले में यह मौजूदा मॉडल्स से 10-15 प्रतिशत अधिक दक्ष हो सकता है। शहर में इसकी फ्यूल एफिशिएंसी खासतौर पर बेहतर रहेगी। हुंडई इस एसयूवी को अल्काजार और टक्सन के बीच पोजिशन करने की योजना पर भी विचार कर रही है।
इसका सीधा मुकाबला मारुति ग्रैंड विटारा, टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइडर और आगामी रेनो डस्टर हाइब्रिड से होगा। लॉन्च टाइमलाइन 2027 से 2028 की शुरुआत तक हो सकती है। यह नया इंजन विकल्प क्रेटा की मौजूदा लाइनअप में चौथे पावरट्रेन के रूप में जोड़ा जाएगा। अभी तक क्रेटा में 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल, 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5 लीटर डीजल इंजन के विकल्प मिलते हैं। थर्ड जेन मॉडल का डिजाइन, फीचर्स और प्लेटफॉर्म भी नया हो सकता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


