रांची । झारखंड बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 31 मई को जारी किया गया. हालांकि सिर्फ साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम के ही रिजल्ट की घोषणा की गई है, आर्ट्स के रिजल्ट बाद में जारी किए जाएंगे. इन दोनों ही स्ट्रीम के रिजल्ट पिछले साल के मुकाबले बेहतर रहे हैं. साइंस स्ट्रीम में इस साल कुल 98,634 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, लेकिन सिर्फ 79.26 प्रतिशत छात्र ही परीक्षा में सफल हुए. वहीं, कॉमर्स स्ट्रीम से कुल 22066 छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसमें से 91.92 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं.
साइंस में टॉप-5 में 5 लड़कियां शामिल
झारखंड बोर्ड 12वीं में साइंस स्ट्रीम में टॉप-5 में कुल 9 छात्र शामिल हैं, जिसमें 5 लड़कियां और 4 लड़के हैं. अंकिता दत्ता ने जहां पहला स्थान हासिल किया है तो वहीं दूसरे स्थान पर 476 मार्क्स के साथ अंकित कुमार साह हैं, जबकि तीन छात्रों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया है. इनके नाम हैं किशोर कुमार, जगन्नाथ सिंह चौधरी और हिमांशु कुमार, जिन्होंने 474 अंक हासिल किए हैं. इसी तरह चौथे स्थान पर तीन छात्राएं शामिल हैं. जिया श्रीवास्तव, मुस्कान कुमारी और साक्षी गुप्ता ने संयुक्त रूप से 473 अंक हासिल किए हैं, जबकि पांचवें स्थान पर इकलौती छात्रा अतोषी मिश्रा (472 अंक) हैं.

कॉमर्स में टॉप-5 में 2 लड़कियां शामिल
झारखंड बोर्ड 12वीं में कॉमर्स स्ट्रीम में टॉप-5 में पांच छात्र हैं, जिसमें 2 लड़कियां शामिल हैं. रेशमी कुमारी जहां फर्स्ट टॉपर हैं तो वहीं दूसरे स्थान पर हसन सेख (475 अंक) हैं, जबकि 474 अंकों के साथ पीयूष साव ने तीसरा स्थान हासिल किया है. इसी तरह 472 अंकों के साथ सौरव कुमार चौथे स्थान पर तो 471 अंकों के साथ मुस्कान कुमारी ने पांचवां स्थान हासिल किया है.



