देवघर संताल एक्सप्रेस:-झारखंड एथलेटिक्स संघ एवं बोकारो जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 14वीं राज्यस्तरीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन सिंथेटिक ट्रैक पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देवघर जिले की 11 सदस्यीय टीम ने भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। देवघर के जयराम कुमार पंडित ने 10 किलोमीटर पैदल चाल में तथा सुमित कुमार ने ट्रिपल कूद में कांस्य पदक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। वहीं मनोज मरांडी 200 मीटर दौड़ में बेहद कड़े मुकाबले में चौथे स्थान पर रहे और पदक से मामूली अंतर से चूक गए।
प्रतियोगिता में राज्य भर से लगभग 20 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भाग लिया,जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर अत्यंत उच्च रहा। देवघर से जिन खिलाड़ियों ने भाग लिया, उनके नाम हैं: सुमित सिंह,जयराम कुमार पंडित,रंजन कुमार,विनोद कुमार खवाड़े,मनोज मरांडी,प्रेम सोरेन,सत्यम ताती,जीतेंद्र यादव, संगीता कुमारी,रोहित बावरी, एवं रंजुला कुमारी। टीम के साथ प्रबंध कमेटी के चेयरमैन आशीष झा भी मौजूद रहे। आशीष झा ने बताया कि खिलाड़ियों की तकनीकी गलतियों को बारीकी से देखा गया है,और कोचों के साथ समन्वय कर विशेष प्रशिक्षण योजना तैयार की जाएगी ताकि आगामी प्रतियोगिताओं में पदक की संभावनाएं और प्रबल हों।
देवघर जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि “खिलाड़ियों ने देवघर का मान बढ़ाया है, उन्हें सम्मानित किया जाएगा।” उन्होंने यह भी बताया कि अगले माह जामताड़ा में आयोजित होने वाली 14 एवं 16 वर्ष आयु वर्ग की चैंपियनशिप के लिए एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सिलेक्शन कमेटी और कोचिंग स्टाफ के साथ शीघ्र रणनीति तय की जाएगी। इस अवसर पर संघ के सचिव मनोज मिश्रा, नीतू देवी, सुरेश शाह, रवि केसरी, रामू चक्रवर्ती, डॉ. अमित प्रसाद, प्रभाकर शांडिल्य, आशीष दुबे, निक्की झा, बंटी नंदन सिंह, नीतीश सिंह, अमित झा, प्रमोद यादव, राहुल कुमार, चंदन कुमार, गौरव कुमार, मनोज पांडे, राजेश कुमार, दीपक दुबे, प्रकाश मठपती, अजय खवाड़े, आलोक बोस सहित कई खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


