जम्मू । विश्व के सबसे ऊंचे युद्ध स्थल में तेज इंटरनेट सेवाओं के लिए 5जी नेटवर्क शुरू हो गया है। इसके लिए सियाचिन ग्लेशियर के उत्तरी क्षेत्र में पहला टावर लगा दिया गया है। माइनस 40 डिग्री सेल्सियस के तापमान में भी काम करके सेना की फायर एंड फ्यूरी कोर की सिग्नल रेजीमेंट के जवानों ने यह 5जी टावर खड़ा किया है। फायर एंड फ्यूरी कोर के सहयोग से रिलायंस जियो कंपनी ने प्लग-एंड-प्ले प्री-कान्फिगर्ड उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए इस टावर को खड़ा किया है। रिलायंस जियो इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी प्रदान करने वाला पहला टेलीकॉम ऑपरेटर है। यहां यह टावर लगने से सेना के जवान क्षेत्र में आपातकालीन हालात का सामना करने के लिए मुख्यालय को तुरंत सूचना दे पाएंगे। उनका अपने परिवारों के साथ भी आसान मोबाइल संपर्क बनेगा।
बता दें कि सियाचिन ग्लेशियर में जनवरी में तापमान जमाव बिंदु से 50 डिग्री नीचे तक चला जाता है। इसके बावजूद तमाम चुनौतियों को पार पाते हुए यह टावर समुद्र 16 हजार फुट की ऊंचाई पर लगाया गया है। सियाचिन ग्लेशियर में सर्दियों के महीनों में काम करना आसान नहीं है। ऐसे हालात में सेना के योद्धाओं ने सियाचिन ग्लेशियर में टावर लगाने के लिए जमीन तैयार करने, हेलीकॉप्टर से उपकरणों को पहुंचाने के साथ अपने कंधों पर ऑप्टिकल फाइबर के बंडल उठाकर बर्फीली हवाओं के बीच खाइयों, दुर्गम रास्तों को पार कर अपना लक्ष्य हासिल किया है।






