मेलबर्न । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा है कि भारतीय टीम बॉक्सिंग डे टेस्ट के साथ ही बॉर्डर गावस्कर भी सीरीज जीतेगी। शास्त्री ने कहा कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड ( एमसीजी) में भारतीय टीम का रिकार्ड अच्छा रहा है। यहां पहले दिन के खेल से ही तय हो जाएगा कि सीरीज किसी ओर जाएगी। अब तक ये सीरीज 1-1 से बराबर होने के कारण दोनो ही टीमें आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए बढ़त हासिल करने बॉक्सिंग डे टेस्ट जीतना चाहेंगी।
शास्त्री ने कहा, जिस तरह से यह सीरीज आगे बढ़ रही है, मुझे लगता है कि भारतीय टीम इस सीरीज को जीतेगी। टीम 1-1 से बराबरी पर है, पर्थ, एडिलेड और ब्रिस्बेन में हालांकि वह उम्मीद के अनुसार सफल नहीं रही है। बॉक्सिंग डे में 1-1 से आगे बढ़ना सबसे अच्छी स्थिति है। मैं कहूंगा कि भारत आगे है।
शास्त्री ने कहा कि भारत यहां जीतने के लिए आया है, न कि संख्या बढ़ाने के लिए। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में जीतने के लिए एक टीम के पास अच्छी तरह से सोची-समझी रणनीति होनी चाहिये केवल प्रतिस्पर्धा करने से ही सहायता नहीं मिलती।
उन्होंने कहा, जब मैं कोच था, तब भी हमारा मंत्र बहुत कठिन, निष्पक्ष खेलना और जीतना था। आपको ऑस्ट्रेलिया को हराने के लिए एक तरीका सोचना होगा, न कि केवल प्रतिस्पर्धा करना। आपको ठीक से योजना बनानी होगी, कि अपने 20 विकेट लिए जायें। भारतीय टीम ने पूर्व में ऐसा किया है। वे पहले भी कठिन हालातों में ऑस्ट्रेलिया का सामना कर चुके हैं और जितना हो सके उतना अच्छा प्रदर्शन किया है। यह मनोरंजक और उत्साहपूर्ण रहा है। मुझे लगता है कि भारतीय टीम अभी आगे है। मुझे लगता है कि बॉक्सिंग डे टेस्ट का पहला दिन तय करेगा कि सीरीज किस तरफ जाएगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


