हैदराबाद । निजामाबाद (ग्रामीण) से कांग्रेस विधायक आर भूपति रेड्डी ने मंगलवार को अभिनेता अल्लू अर्जुन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के खिलाफ कोई टिप्पणी की तो उनकी फिल्मों को राज्य में चलने नहीं दिया जाएगा। आर भूपति रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस कभी भी सिनेमा उद्योग के खिलाफ नहीं रही है। कांग्रेस सरकारों ने हैदराबाद में फिल्म उद्योग को स्थापित करने के लिए फिल्मी हस्तियों को जमीन दी। लेकिन पुष्पा जैसी फिल्में समाज के लिए लाभकारी नहीं हैं। यह एक तस्कर की कहानी है।
रेड्डी ने आगे कहा, आप (अल्लू अर्जुन) हमारे मुख्यमंत्री के बारे में कुछ भी कहने से पहले अलर्ट रहें। आप आंध्र प्रदेश से हैं और यहां रहने आए हैं। तेलंगाना के लिए आपका योगदान क्या है? हम 100 प्रतिशत चेतावनी दे रहे हैं। अगर आप अपने तरीके नहीं सुधारते, तो हम आपकी फिल्मों को तेलंगाना में चलने नहीं देंगे। यह बयान उस घटना के संदर्भ में आया है जिसमें 4 दिसंबर को पुष्पा-2 की स्क्रीनिंग के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी और उसका बेटा घायल हो गया था। उस घटना को लेकर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अल्लू अर्जुन की आलोचना की थी। रेड्डी ने यह भी आरोप लगाया कि अल्लू अर्जुन ने थिएटर में बिना अनुमति के फिल्म की स्क्रीनिंग की थी।






