संभल । संभल में सैकड़ों साल पुरानी मूर्ती मिलने से जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। सरकारी रिकॉर्ड में 19 कूप, 36 पुरवे, 52 सराय और 68 तीर्थ लापता है। प्रशासन ने इसे सूचीबद्ध करके इनकी तलाश शुरु कर दी है। डीएम राजेंद्र पेंसिया ने कहा कि यहां पर चार तरह की कार्रवाई की जा रही है। पहली यह है कि जो शुरुआत में ही बताया गया कि संभल में 19 कूप, 36 पुरवे, 52 सराय और 68 तीर्थ हैं। इनकी खोज करने में पूरी टीम लगी हुई है। दूसरा जो अस्थायी अतिक्रमण नालियों आदि पर किया गया है, उन्हें हटाया जा रहा है। स्थायी अतिक्रमण को नोटिस देने के बाद पूरी प्रक्रिया के तहत हटाया जाएगा। तीसरा बिजली चोरी के खिलाफ एक्शन है। बिजली चोरी में अभी तक पांच करोड़ का एसेसमेंट बनाया गया है। बिजली चोरी रोकने केलिए आर्मड केबल लगाया जा रहा है। चौथा प्लान गैरकानूनी गतिविधियों पर एक्शन की तैयारी है।
वहीं, बीते रोज मिले मंदिर को लेकर डीएम ने बताया कि वहां पर सीसीटीवी लगा दिए गए हैं। पुलिस टीम भी सुरक्षा में लगा दी गई है। अतिक्रमण को लेक डीएम ने कहा कि कोई भी तालाब सार्वजनिक संपत्ति होती है। सुप्रीम कोर्ट भी कहता है कि इनकी सुरक्षा बहुत जरूरी है। जिसने भी तालाब पर अतिक्रमण किया है उन्हें नोटिस देकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि 24 नंवबर को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान यहां हिंस भड़क गई थी। इस हिंसा में गोली लगने से चार युवकों की मौत हो गई थी। इसी के बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर एफआईआर दर्ज की और धरपकड़ का अभियान चलाया है। इसी के तहत यहां पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान में शनिवार को बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी गई।






