लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल काफी भड़के हुए हैं। उन पर आरोप हैं कि उन्होंने प्राविधिक शिक्षा में विभागाध्यक्ष के पदों पर सीधी भर्ती की बजाए घूस लेकर प्रमोशन से पद भरे है। इन आरोपो को निराधार बताते हुए दावा किया कि यदि पीएम मोदी कहेंगे तो पद से इस्तीफा दे दूंगा।
अपना दल एस के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल के रविवार रात फेसबुक पर किए एक पोस्ट ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। प्राविधिक शिक्षा में विभागाध्यक्ष के पदों पर सीधी भर्ती की बजाए घूस लेकर प्रमोशन से पद भरे जाने के आरोपों को लेकर भड़के आशीष पटेल ने कहा है कि यह राजनीतिक तौर पर उन्हें खत्म कर देने की साजिश है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जरूरत समझें तो आरोपों की सीबीआई से जांच करा ले। इसके साथ ही आशीष पटेल ने यह भी कहा है कि सबको पता है कि इसके पीछे कौन है। आगे और भी ऐसे आरोप लगेंगे।
आशीष पटेल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट में लिखा- मीडिया और सोशल मीडिया पर मेरी राजनीतिक हत्या करने के लिए साज़िश के तहत तथ्यहीन और अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। मेरे मंत्रित्व काल में प्राविधिक शिक्षा विभाग में वंचित वर्ग से आने वाले कार्मिको के हितों की रक्षा के बारे में पूरे उत्तर प्रदेश को पता है। सांच को आंच क्या! माननीय मुख्यमंत्री जी अगर आवश्यक समझें तो आरोपों की सीबीआई से जांच करा लें। मैं तो यहां तक कहता हूँ कि दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए लगे हाथ बतौर मंत्री अब तक मेरे द्वारा लिए गए एक-एक निर्णय की भी सीबीआई से जांच करा लें।






