यह कार्रवाई अमानक दवाइयों के बढ़ते खतरे को रोकने की दिशा में अहम कदम
जयपुर । राजस्थान के ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट ने नकली और अमानक दवाइयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात फार्मा कंपनियों की नौ दवाइयों के कुछ बैचों की बिक्री पर रोक लगा दी है। जांच में पाया गया कि इन दवाओं में चार नकली दवाएं हैं, जबकि पांच दवाइयों के सैंपल गुणवत्ता के मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं।
हेपारिन सोडियम इंजेक्शन खून को पतला करने के लिए उपयोग की जाने वाली यह दवा अमानक पाई गई। एविल इंजेक्शन यह इंजेक्शन मानसिक रोगियों को नींद के लिए दिया जाता है। कैल्शियम कार्बोनेट और विटामिन डी-3 की गोलियां के सैंपल भी अमानक पाए गए हैं। सुपाटेल-टिरियो हाइपरटेंशन वाले मरीजों को दी जाने वाली यह दवा गुणवत्ता पर खरी नहीं उतरी है। लिवोसिट्राजिन मोंटलुकास्ट के सैंपल अमानक पाए गए हैं। निमोस्लाइड पेरासिटामोल टेबलेट अमानक पाई गई। सल्फामैथोक्साजोल और ट्राइमेथोप्रिम का इंजेक्शन संक्रमण नियंत्रण में इस्तेमाल की जाने वाली यह दवा भी अमानक पाई गई है। अल्पोजलम टेबलेट यह दवा भी मानकों पर खरी नहीं उतरी है।
ड्रग कंट्रोलर ने बताया कि नवंबर में बाजार से लिए गए दवाइयों के सैंपल जांच में फेल पाए गए। इन दवाओं पर तुरंत प्रतिबंध लगाकर संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे डॉक्टर की सलाह के बिना दवाइयां न लें और दवाइयां खरीदते समय उनके बैच नंबर और निर्माण कंपनी की जांच जरूर करें।
यह कार्रवाई देश में नकली और अमानक दवाइयों के बढ़ते खतरे को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नकली दवाइयां न केवल बीमारियों का इलाज करने में विफल रहती हैं, बल्कि गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं भी पैदा कर सकती हैं।






