मुंबई । महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद ईवीएम का मुद्दा गर्माया हुआ है। सैयद शुजा नाम के शख्स ने दावा किया कि ईवीएम को हैक किया जा सकता है। इसके बाद चुनाव आयोग ने सैयद शुजा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। इस शिकायत पर मुंबई साइबर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। बताया गया है कि मुंबई पुलिस ने 30 नवंबर को सैयद शुजा के खिलाफ भारतीय न्याय और आईटी संहिता के तहत एफआईआर दर्ज की है। दरअसल शुजा ने दावा किया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को लंदन से हैक किया जा सकता है। हालांकि इसके बाद महाराष्ट्र चुनाव आयोग के अधिकारियों ने इस दावे को खारिज कर दिया है। इसके बाद उनकी शिकायत के आधार पर दक्षिण मुंबई साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।
– कौन हैं सैयद शुजा ?
2019 में सैयद शुजा का एक वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में उन्होंने दावा किया था कि 2014 में लोकसभा चुनाव में ईवीएम हैक कर ली गई थी। शुजा ने कहा कि बीजेपी नेता गोपीनाथ मुंडे का कोई एक्सीडेंट नहीं हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी हत्या की गई है। शुजा ने दावा किया था कि गौरी लंकेश और गोपीनाथ मुंडे की मौत का कारण भी ईवीएम से जुड़ा है। हालाँकि, शुजा ने कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया था। शुजा एक साइबर सुरक्षा शोधकर्ता हैं। वह मूल रूप से हैदराबाद के रहने वाले हैं। फिलहाल वह एक अमेरिकी कंपनी में काम करते हैं। शुजा का दावा है कि ईवीएम भारत में बनी है। उनका दावा है कि उन्होंने मशीन बनाने वाली टीम में हिस्सा लिया था। साथ ही उनके दावे के मुताबिक, उन्होंने भारत इलेक्ट्रॉनिक्स निगम लिमिटेड में भी काम किया है। शुजा का दावा है कि 2014 में उनकी टीम पर ईवीएम हैक करने का दबाव था। हैदराबाद में उनकी टीम पर जानलेवा हमला हुआ। इस हमले में कई साथियों की मौत हो गई। इस घटना के बाद दावा किया गया कि उनकी मौत दंगे में हुई।






