नई दिल्ली । कांग्रेस ने धोखाधड़ी और रिश्वत देने के आरोपों को लेकर अमेरिका में हुए खुलासे पर उद्योगपति अडानी को गिरफ्तार करने की मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने अडानी के खिलाफ आरोपों पर सदन में विस्तृत चर्चा के साथ जांच एजेंसियों और सेबी जैसे संस्थान द्वारा निष्पक्ष जांच करने की भी मांग उठाई है। कांग्रेस प्रवक्ता ने तथ्यों के साथ अमेरिकी जांच में गौतम अडानी का नाम कहीं नहीं होने के भ्रामक दावों पर भी पलटवार किया। कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने तंज कसा कि अमेरिका में वारंट जारी होने के बाद से दुनिया भर में अडानी के कारनामों का डंका बज रहा है। विदेशों में अडानी की परियोजनाएं रद्द की जा रही हैं, निवेश पर रोक लगाई जा रही है और उनका विरोध हो रहा है। कई देशों में अडानी से जुड़ी डील की जांच हो रही है। मूडीज और फिच जैसी बड़ी रेटिंग एजेंसियों ने अडानी समूह की कंपनियों के लिए अपना आउटलुक ‘नकारात्मक’ कर दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र सरकार और भाजपा पर अडानी को बचाने के आरोप लगाते हुए कहा कि संसद में चर्चा तो दूर अडानी का नाम लेने पर ही सदन स्थगित कर दिया जाता है। उन्होंने कहा, गौतम अडानी को नरेंद्र मोदी के दखल के बाद अलग-अलग देशों में प्रोजेक्ट मिलते हैं। आज अडानी सिर्फ भारत में ही सेफ हैं, जांच एजेंसियां मूकदर्शक बनी बैठी हैं। क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चलते कोई उनका कुछ नहीं कर सकता। अमेरिकी जांच में गौतम अडानी का नाम कहीं नहीं होने के दावों की पोल खोलते हुए श्रीनेत ने कहा, इन मूर्खतापूर्ण दलीलों से अमेरिकी एजेंसियों और वहां के डिपार्टमेंट ऑफ़ जस्टिस द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप नहीं धुलने वाले। आज सुबह अडानी के तंत्र द्वारा एक शिगूफा छोड़ा गया कि डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस के दस्तावेज में काउंट एक से पांच में अडानी का नाम नहीं है। लेकिन वो ये बताना भूल गए कि अमेरिका का विदेशी भ्रष्ट आचरण अधिनियम वहीं के नागरिकों पर लागू होता है, वो विदेशी नागरिकों पर लागू नहीं होता। उन्हीं काउंट में अडानी की पार्टनर अमेरिकी कंपनी का नाम है; अमेरिकी न्याय विभाग ने अडानी को दोषी ठहराने वाले सबूत पेश किए हैं। अमेरिका में लगे आरोपों पर भारत में क्यों कार्रवाई हो इस सवाल के जवाब में श्रीनेत ने कहा, सच्चाई ये है कि अमेरिका में लगे आरोपों के आधार पर इसी मोदी सरकार के कार्यकाल में सीबीआई ने दो मामलों की जांच की है। हिंदुस्तान की सेबी और अमेरिका की एसईसी के बीच एक द्विपक्षीय समझौता है। अगर एसईसी की जांच में इतने गंभीर आरोप सामने आए हैं, तो यह सेबी की जिम्मेदारी है कि वह भी जांच करे।





