नई दिल्ली । राजनीतिक दलों ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र में भाजपा को मिली प्रचंड जीत ने दिल्ली में भी पार्टी नेताओं का उत्साह बढ़ा दिया है। महाराष्ट्र में मिली जीत के पीछे जिस योजना की सबसे अधिक चर्चा है उसे बीजेपी यहां भी चुनावी वादे में शामिल करने जा रही है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी महिलाओं के लिए सीधे खाते में कैश ट्रांसफर योजना लाने की सोच रही है। यह योजना महाराष्ट्र की लाडकी बहिन योजना जैसी होगी, जिसका श्रेय महाराष्ट्र में महायुति की जीत को दिया जा रहा है। भाजपा अपने घोषणापत्र में कई कल्याणकारी योजनाओं को शामिल कर सकती है। जिसमें नौकरी की सुरक्षा, वेतन वृद्धि और छात्रों के लिए स्कॉलरशिप मुख्य हैं। भाजपा यमुना की सफाई, सड़कों की हालत और मुख्यमंत्री आवास के महंगे रेनोवेशन जैसे मुद्दों पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है। भाजपा का मानना है कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कल्याणकारी योजनाओं की सफलता दिल्ली में भी दोहराई जा सकती है। महाराष्ट्र में 21 से 65 साल की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता के मुताबिक दिल्ली के लिए घोषणापत्र समिति महिलाओं के लिए एक विशेष नकद ट्रांसफर योजना तैयार करेगी। इस पर कुछ सीमा हो सकती है, लेकिन यह अभी शुरुआती चरण में है।
आप ने भी दिया महिला सम्मान योजना का प्रस्ताव
दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी सरकार ने भी 2024-25 के बजट में मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना का प्रस्ताव रखा है। इस योजना के तहत, 18 साल से ज्यादा उम्र की दिल्ली की उन महिला मतदाताओं को 1,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे जो न तो टैक्स देती हैं और न ही कोई अन्य सरकारी लाभ प्राप्त लेती हैं। सरकार ने इस योजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। हालांकि, यह योजना अभी तक लागू नहीं हुई है, लेकिन आप इसे चुनाव से पहले लागू करने की कोशिश करेगी। पिछले दो विधानसभा चुनावों में आप ने क्रमशः 67 (2015) और 62 (2020) सीटें जीती थीं। लेकिन इस बार बीजेपी की चुनौती के कारण आप के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।