नई दिल्ली । भारतीय संविधान की प्रस्तावना से धर्म निरपेक्ष और समाजवाद शब्द हटाने की मांग करने वाली याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आपातकाल के दौरान संविधान संशोधन अमान्य नहीं हो सकता। 1976 में इमरजेंसी के दौरान संविधान संशोधन के जरिये प्रस्तावना में धर्म निरपेक्ष और समाजवाद शब्द जोड़े गए थे। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना की अगुवाई वाली बेंच ने कहा कि इस मामले में दाखिल याचिका पर विस्तार से सुनवाई की कोई जरूरत नहीं। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने मामले को लार्जर बेंच रेफर करने से इनकार कर दिया था और मामले में सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रखा था। सीजेआई की बेंच ने कहा कि धर्म निरपेक्ष और समाजवाद शब्द संविधान में 1976 में किए गए संशोधन के तहत जोड़े गए थे और इसे 1949 से लागू कर दिया गया था, लेकिन इससे इसकी वैधता प्रभावित नहीं होती है। 1949 यानी पहले के प्रभाव से लागू होने से तथ्यों पर कोई असर नहीं पड़ता है। अदालत ने कहा कि संसद को संविधान की प्रस्तावना को संशोधित करने का अधिकार है और संशोधन की वैधता पर अब सवाल नहीं उठाए जा सकते। संसद को संविधान में संशोधन का जो अधिकार मिला हुआ है, वह प्रस्तावना पर भी लागू होता है। प्रस्तावना संविधान का हिस्सा है और इसे अलग नहीं माना जा सकता। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भारतीय संदर्भ में सोशलिस्ट का अर्थ वेलफेयर ऑफ स्टेट से है। भारत में समाजवाद का मतलब अलग संदर्भ में है। यह राज्य को लोगों के वेलफेयर और समान अवसर प्रदान करने के लिए उत्तरदायी है। सेक्युलर शब्द के बारे में उन्होंने कहा कि यह संविधान के बेसिक स्ट्रक्चर का भाग है। यह बात एसआर बोम्मी बनाम यूनियन ऑफ इंडिया केस में सुप्रीम कोर्ट कह चुका है कि प्रस्तावना बेसिक स्ट्रक्चर का भाग है। आपातकाल में किया गया संशोधन वैध नहीं मामले की सुनवाई के दौरान याचिकर्ताओं ने दलील दी कि यह संविधान संशोधन आपातकाल के दौरान हुआ था तब लोगों को इस मामले में पक्ष रखने का मौका नहीं मिला। साथ ही यह मूल ढांचा में बदलाव था। याचिकाकर्ताओं ने कहा कि प्रस्तावना में संशोधन का अधिकार सिर्फ संविधान सभा को था। साथ ही इस संसोधन को राज्यों से मंजूरी भी नहीं ली गई थी। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी में कहा था कि संशोधन प्रक्रिया पर आपातकाल की परिस्थितियों का असर नहीं पड़ता और इस दौरान किए गए संसद के निर्णय को अमान्य नहीं किया जा सकता। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सोशलिस्ट और सेक्युलर शब्द संविधान के उद्देश्यों के अनुसार हैं।






