नई दिल्ली । श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और बुजुर्गों एवं दिव्यांग यात्रियों की यात्रा को सरल और सुगम बनाने के लिए बहुप्रतीक्षित रोपवे परियोजना को लागू करने का फैसला हुआ है। श्राइन बोर्ड के कदम से श्री माता वैष्णो देवी के भवन तक की यात्रा सुरक्षित होगी। रोपवे परियोजना का कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। श्राइन बोर्ड का कहना है कि लोगों की चिंताओं का ध्यान रखकर परियोजना को कार्यान्वित किया जाएगा। रोपवे ताराकोट मार्ग को मुख्य भवन से जोडेगा। रोपवे के सहारे सांझी छत तक यात्री जाएंगे। सांझी छत से श्रद्धालु माता के भवन तक यात्री पैदल यात्रा करके जाएंगे। रोजाना सैंकडों भक्तों को माता के भवन तक जाने के लिए 13 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है। शारीरिक रूप से सही यात्री आसानी से यात्रा कर लेते हैं, लेकिन बीमार या दिव्यांग लोगों को घोड़ा, खच्चर या पालकी का सहारा लेना होता है। रोपवे से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यात्रा कर सकते है। पारंपरिक ट्रैकिंग मार्ग पर भीड़-भाड़ में कमी और घंटों में पूरी होने वाली यात्रा कुछ मिनटों में तय होगी।
श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग ने कहा कि यह परियोजना उन श्रद्धालुओं के लिए उपहार साबित होगी जो गुफा तक पहुंचने के लिए 13 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई नहीं चढ़ पाते है। उन्होंने बताया कि लोगों की चिंताओं का ध्यान रखते हुए ही रोपवे परियोजना को कार्यान्वित किया जाएगा। गर्ग ने बताया कि माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। 2023 में यात्रा ने 95 लाख का नया रिकॉर्ड स्थापित किया था। इस साल अब तक 86 लाख श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर चुके हैं।






